
Ranchi: झारखंड विधानसभा चुनाव का बिगुल आज बजने जा रहा है. चुनाव आयोग मंगलवार को झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर देगा. जानकारी के अनुसार चुनाव आयोग दोपहर 3:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तारीखों का ऐलान करेगा. चुनाव आयोग ने एक पत्र जारी कर बताया है कि राजधानी दिल्ली के विज्ञान भवन में दोपहर 3.30 बजे प्रेस कांफ्रेंस की जायेगी. सूत्रों के अनुसार झारखंड में एक से तीन चरणों में मतदान संभावित है, मगर दो चरणों में चुनाव की संभावना अधिक है.
बता दें कि चुनाव आयोग ने सारी तैयारी कर ली है और आज तारीख के साथ-साथ पूरी डिटेल भी सामने आएगी. आज चुनाव के तारीखों की घोषणा के साथ ही झारखंड में आचार संहिता भी लग जाएगी. बता दें, झारखंड का स्थापना दिवस 15 नवंबर को है. ऐसे में इस बात की काफी संभावना है कि झारखंड में चुनाव 15 नंबर के कराए जा सकते हैं. इस बार चुनाव 2 चरणों में कराए जाने की बात सामने आ रही है. वहीं झारखंड चुनाव का परिणाम नवंबर के तीसरे हफ्ते में घोषित किया जा सकता है. मालूम हो कि झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार का कार्यकाल वैसे तो 5 जनवरी 2025 तक है. लेकिन, इससे पहले चुनाव करा लिए जाएंगे.
झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए सभी पार्टियां कमर कस चुकी हैं. सभी 81 विधानसभा सीटों पर नेता प्रचार में जुटे हुए हैं. इंडिया गठबंधन और एनडीए के बीच सीधा मुकाबला है. 2019 के चुनाव 30 नंबर से 20 दिसंबर तक पांच चरणों में संपन्न हुए थे. जबकि नतीजे 23 दिसंबर को आए थे. महागठबंधन की जीत के बाद हेमंत सोरेन ने सीएम पद की शपथ ली थी. माना जा रहा है कि इस बार झारखंड में 15 नवंबर के बाद मतदान होंगे. सूत्रों के अनुसार इस बार मतदान दो या तीन चरणों में पूरे हो जाएंगे.




