
New Delhi : अगले साल अक्टूबर में कांग्रेस पार्टी को अपना नया अध्यक्ष मिलेगा . सूत्रों के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव सितंबर 2022 में होंगे. कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने सीडब्ल्यूसी की बैठक के दौरान कहा कि हमें सोनिया गांधी जी पर पूरा भरोसा है और कोई भी उनके नेतृत्व पर सवाल नहीं उठा रहा है.
वहीं, कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के असंतुष्ट नेताओं को जवाब देते हुए पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि मैंने हमेशा स्पष्टता की सराहना की है. मीडिया के माध्यम से मुझसे बात करने की कोई जरूरत नहीं है. अपने उद्घाटन भाषण में सोनिया गांधी ने कहा कि पूरा संगठन कांग्रेस को पुनर्जीवित करना चाहता है, लेकिन इसके लिए एकता और पार्टी के हितों को सर्वोपरि रखने की जरूरत है. सबसे बढ़कर, इसके लिए आत्म-नियंत्रण और अनुशासन की आवश्यकता होती है.
कार्यसमिति की बैठक में पार्टी अध्यक्ष समेत संगठन चुनाव कराने की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया जा सकता है. इस बैठक में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा मौजूद हैं.
इसे भी पढ़ें :ओपीडी खुले, कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए देखे जा रहे मरीज
दिग्विजय सिंह और मनमोहन सिंह समेत 5 नेता नहीं हुए शामिल
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव और लखीमपुर खीरी कांड एजेंडे में शीर्ष पर रहेंगे. इसके साथ ही राजनीतिक और कृषि समेत तीन प्रस्ताव भी पारित किए जाएंगे. यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब कांग्रेस की राज्य इकाइयों जैसे पंजाब, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में पार्टी के भीतर घमासान मचा हुआ है.
बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिंदबरम, कांग्रेस के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (राजस्थान), भूपेश बघेल (छत्तीसगढ़) और चरणजीत चन्नी (पंजाब) समेत कुल 52 कांग्रेस नेता हिस्सा ले रहे हैं. दिग्विजय सिंह और डा. मनमोहन सिंह समेत पांच नेता बैठक में शामिल नहीं हुए हैं.
इसे भी पढ़ें :RANCHI NEWS : लंबे समय बाद Black Fungus से एक की मौत, रिम्स में आया एक कोरोना पॉजिटिव




