
Akshay Kumar Jha
Ranchi: कोडरमा विधानसभा में कांटे की टक्कर तब होती थी, जब अन्नपूर्णा देवी राजद से उम्मीदवारी करती थीं. झारखंड में एक मात्र ऐसी सीट जिसपर राजद की पकड़ हुआ करती थी. लेकिन उनके बीजेपी में शामिल हो जाने से विपक्ष का राजनितिक समीकरण जैसे खत्म सा हो गया है.
विपक्ष का कोई भी ऐसा चेहरा ऐसा नहीं है, जिस पर पार्टी ताल ठोककर दांव खेल सके. सांसद होने के बाद अन्नपूर्णा देवी को अब विधानसभा की राजनीति में दिलचस्पी ना के बराबर है.
तो ऐसे में सवाल उठता है कि कोडरमा में विधानसभा की फाइट किसके बीच होगी. क्या कोई नया चेहरा उभर कर सामने आयेगा और विपक्ष की तरफ से दावेदारी करेगा. या तीसरी किसी पार्टी का उम्मीदवार बीजेपी को चैलेंज करेगा. कहा जा रहा है कि इस बार कोडरमा की फाइट निश्चित तौर देवी और देवर के बीच होने वाली है.
इसे भी पढ़ें- जमशेदपुर: सब्सिडियरी कंपनी स्टील स्ट्रिप्स पर टाटा मोटर्स के ब्लॉक क्लोजर का असर, 55 जूनियर ऑफिसर को इस्तीफा देने का आदेश
बीजेपी की तरफ से कौन होगा उम्मीदवार
कोडरमा की विधायक नीरा यादव सरकार में शिक्षा मंत्री हैं. जातीय और महिला समीकरण को बराबर करने के लिए इन्हें मंत्री पद से बीजेपी ने नवाजा था.
वहीं वहां की दिग्गज नेता अन्नपूर्णा देवी को हराकर आने का फायदा उन्हें मिला. लेकिन क्या इस बार दोबारा नीरा यादव पर बीजेपी दांव खेलेगी. या बीजेपी की तरफ से कोई और चेहरा होगा.
कोडरमा की राजनीति में बीजेपी की तरफ से शालीनी गुप्ता का नाम भी बीते पांच सालों में तेजी से उभरा है. कहा जा रहा है कि टिकट मिलने से पहले तक नीरा यादव और शालीनी गुप्ता के बीच जोरदार टक्कर है.
शालीनी गुप्ता के बारे कहा जाता है कि पार्टी के कुछ शीर्ष अधिकारियों से उनकी अच्छी बनती है. फिलहाल वो कोडरमा जिला परिषद की अध्यक्ष हैं. वहीं बीजेपी की तरफ से टिकट की कतार में बीजेपी जिलाध्यक्ष रामचंद्र सिंह, महामंत्री शिवेंद्र नारायण सिन्हा, नीतीश चंद्रवंशी और जिला उपाध्यक्ष डॉ. नरेश पंडित भी शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें- #Congress ने कहा- जो ‘भ्रष्टाचारियों का दास’ वो रघुवर दास, #BJP का पलटवार- कांग्रेस सबसे लुटेरी पार्टी
पत्रकार से नेता बने संतोष मानव आप पार्टी के उम्मीदवार
पत्रकारिता में सालों बीताने के बाद संतोष मानव ने अब राजनीति से अपना नाता जोड़ लिया है. इस विधानसभा में इनका राजनीतिक डेव्यू है. कोडरमा में औरों से अलग एक दूसरी तरह की राजनीति वो कर रहे हैं.
इन्होंने अपने निशाने पर बीजेपी के तीनों महिला नेत्रियों को रखा है. सोशल मीडिया पर तीनों महिलाओं को भाभी बोल कर वो अपना कैंपेन चला रहे हैं. शहर के तमाम जगहों पर जाकर वहां की दुर्दशा की एक वीडियो बनाकर फेसबुक और तमाम सोशल मीडिया पर वो डाल रहे हैं.
कोडरमा जिले को लेकर तमाम तरह के आंकड़ों से वो अपनी राजनीति पारी खेल रहे हैं. हाल ही में उन्होंने उस स्कूल की दुर्दशा का वीडियो बनाकर वायरल किया था, जहां कभी नीरा यादव प्रिंसिपल हुआ करती थी.
सोशल मीडिया पर इन्हें काफी समर्थक मिल रहा है. लेकिन देखने वाली बात होगी कि समर्थक को वो वोट में तब्दील कर पाते हैं कि नहीं.




