
Patna: भाजपा के साथ तनावपूर्ण संबंधों के बीच बिहार के मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष नीतीश कुमार रविवार को दिल्ली में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करने से पहले पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में शिरकत करेंगे. नीतीश कुमार अगले लोकसभा चुनाव से पहले विभिन्न मुद्दों पर अपनी पार्टी का रुख सामने रख सकते है क्योंकि उनके अगले राजनीतिक कदम के बारे में अटकलों का बाजार गर्म है.
इसे भी पढ़ेंः गुमला के सिसई प्रखंड में मनरेगा योजना के नाम पर हो रही पैसों की बंदरबांट
ऐसी अटकल है कि वह राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस के साथ अपना गठजोड़ बहाल करने को इच्छुक है लेकिन उनकी पार्टी के नेता इसे खारिज कर चुके हैं. इन अटकलों को बिहार में भाजपा के साथ जदयू के मतभेद के कारण बल मिला है. बिहार के क्षेत्रीय दल जदयू के कई नेताओं ने भाजपा नीत एनडीए में 2013 से पहले वाली स्थिति बहाल करने की मांग की है. नीतीश कुमार ने उसी साल भाजपा से नाता तोड़ा था.
वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में उम्दा प्रदर्शन के बाद भाजपा की राज्य में जड़े मजबूत हुई है और ऐसे में जदयू को बड़े भाई का दर्जा देने की संभावना नहीं है. राजनीतिक प्रेक्षक मानते हैं कि जेडीयू 2019 में करीब 15 सीटों पर चुनाव लड़ने की जुगत में हैं. वर्ष 2014 के आम चुनाव में भाजपा ने बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से 22 सीटें जीती थीं, रामविलास पासवान की लोकजनशक्ति और उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएसपी, छह और तीन सीटों पर विजय रही. जदयू के खाते में केवल दो सीटें ही गयी थीं.
इसे भी पढ़ेंः भूमि अधिग्रहण संशोधन बिल संवेदनशील विषय, इस पर सदन में बहस नहीं हुई, तो यह चिंतनीय : सुदेश
उधर जेडीयू अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि कार्यकारिणी की बैठक से पहले कल पार्टी पदाधिकारियों की बैठक होगी जिसमें बैठक का एजेंडा तय होगा. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों और विस्तार से जुड़े विषयों के साथ आगामी लोकसभा चुनाव और बिहार को विशेष दर्जे की मांग जैसे विषयों पर चर्चा होगी. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक दिल्ली के जंतर-मंतर स्थित पार्टी मुख्यालय में आठ जुलाई को हो रही है. इसमें संगठनात्मक गतिविधियों, के साथ साथ मौजूदा राजनीतिक परिस्थिति पर चर्चा होगी.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




