JharkhandRanchiTOP SLIDER

झारखंड की बालू कथा (4) : स्वर्णरेखा और खरकई का ऑक्सीजन लेवल 5 से भी नीचे गिरा

  • बालू की हवस में नदियों की गोद हो रही सूनी, साफ भू-गर्भीय जल भी अब मयस्सर नहीं

Ranchi: बालू लगातार डिमांड में बनी रहती है. कई कामों के लिये ये जरूरी भी है. पर इसके एवज में नदियों को कुर्बानी देनी पड़ रही है. ऐसे में जल संकट का दौर भी प्रारंभ हो चुका है.

झारखंड में भी कई जिलों में लगातार वाटर लेवल गिरने लगा है. पर इस पर गंभीरता से कोई कदम उठाये जाने की बजाये तात्कालिक विकल्पों को अपना कर जैसे तैसे अपना पिंड हर कोई छुड़ाने में लगा है. ऊपर से बढ़ते प्रदूषण ने नदियों की हालत और पस्त कर दी है. नदी और जल स्रोत में ऑक्सीजन का लेवल 5 होना चाहिए, लेकिन स्वर्णरेखा, खरकई जैसी नदियों में यह मात्रा 5 से भी कम हो चुकी है.

उधर अवैध तरीके से बालू उठाकर बालू माफिया अपनी जेबें भर रहे हैं. बालू के लिये बवाल हो रहा है. असलहे लहराये जा रहे हैं. कानून को ठेंगा दिखाया जा रहा है. पर सरकार के स्तर से वाटर मैनेजमेंट सिस्टम को कायदे से फॉलो नहीं किये जाने से बालू, पानी के साथ साथ जलसंकट गहरा रहा है.

इसे भी पढ़ें – झारखंड की बालू कथा (3): गोद से उठते बालू, अतिक्रमण और बढ़ते प्रदूषण से 9 नदियों की पहचान पर संकट

नदियां अब नहीं रही जीवनदायिनी

जीव जंतु के अस्तित्व पर खतरा लगातार मडरा रहा है. कल-कारखानों समेत आवासीय कॉलोनी से निकलने वाले सीवरेज के पानी से नदियां पहले ही प्रदूषित हो रही थीं. हाल के दिनों में पर्व त्योहारों के बाद पूजन सामग्री और मूर्ति विसर्जन ने भी नदियों के अस्तित्व से खिलवाड़ किया है.

ताजा रिपोर्ट के अनुसार कई प्रमुख नदियां जलीय-जीव जंतु के लिए किसी भी मायने में उपयुक्त नहीं हैं. इन नदियों में रह रहे जलीय जीव जंतु के अस्तित्व पर लगातार खतरा मंडरा रहा है. नदियों में ऑक्सीजन लेवल कम हो गया है. बालू का जरूरत से ज्यादा उठाव ने इस समस्या को और गहरा किया है. बालू नदियों के लिए फिल्टर का भी काम करता है.

हाल ही में झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद की तरफ से दो प्रमुख नदियों का सर्वे किया गया था. स्वर्णरेखा और खरकई नदी के जल में प्रदूषण के मात्रा की जांच की गई. इसमें यह बात सामने आयी कि नदियों में घुलनशील अशुद्धियां भारी मात्रा में हैं. नदी और जल स्रोत में ऑक्सीजन का लेवल 5 से भी कम है. ऐसे में इन नदियों के पानी में रहने वाले जीव जंतुओं के लिए यह काफी खतरनाक है.

इसे भी पढ़ें – झारखंड की बालू कथा (2): नदियों पर डाला जा रहा डाका, बीमार हुई जुमार, अब कांची व कारो की बारी 

भू-गर्भ जल का वाहक है बालू

नदियों के साथ भू-गर्भ जल प्रदूषित हो रहा है. पर्यावरणविद कहते हैं कि नदियों में बालू की संतुलित मात्रा बनी रहनी चाहिए. यह भू गर्भीय जल को बनाये रखने में उपयोगी है. पर बालू का जरूरत से ज्यादा उठाव और नदियों में बढता प्रदूषण भू-गर्भ जल को भी प्रदूषित कर रहा है. माना जाता है कि भारत विश्व में सर्वाधिक भू-जल का उपयोग करने वाला देश है.

जानकारी के अनुसार शहरी क्षेत्र की आबादी 50% और ग्रामीण क्षेत्र की जरूरतें 85% भू-जल से पूरी होती हैं. लेकिन नदियों के साथ-साथ भू-गर्भ का भी जल प्रदूषित हो रहा है. अब ऐसे में नदियों के अलावा भू-गर्भ जल भी प्रयोग में सीधे तौर पर लाया जाना मुश्किल साबित होने लगा है.

इसे भी पढ़ें – झारखंड की बालू कथाः 16 नदी बेसिनों का अस्तित्व दांव पर, तिल-तिल कर मर रही नदियां

Related Articles

Back to top button