
Ranchi: सदर थाना क्षेत्र के बड़गाई में उत्पन्न विवाद के मद्देनजर दोनों समुदायों के लोगों के साथ अपर दंडाधिकारी विधि व्यवस्था रांची एवं नगर पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में एक बैठक हुई. जिसमें शांति बहाल रखने का आश्वासन दोनों तरफ से दिया गया. दोनों समुदायों के लोगों ने कहा कि ऐसे असामाजिक तत्वों के ऊपर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए जो इस तरह की हरकत करते हैं.
इसे भी पढ़ें :पीएलएफआई के संरक्षण में हो रहे हैं झारखंड में मानव तस्करी
क्या है मामला
सदर थाना क्षेत्र के बड़गाई में एक युवक के द्वारा शनिवार को आपत्तिजनक ऑडियो वायरल करने को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी. ऑडियो में आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने आक्रोश जाहिर करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी.
इसे भी पढ़ें :बकोरिया कांड : न्यूज विंग ने न्याय के लिए चलाया था अभियान, पढ़िये सभी खबरें एक साथ
कार्रवाई नहीं होने से नाराज हो गए थे लोग
एक पक्ष के आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर यह भी आरोप लगाया था कि घटना की जानकारी पुलिस को शनिवार की रात में ही मिल गई थी. लेकिन पुलिस ने अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की, जबकि पुलिस को बताया गया था कि घटना के पीछे कथित रूप से सरफराज नामक एक युवक की संलिप्तता सामने आई थी. इसलिए मामले में उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए जब पुलिस ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर लोग शांत हुए थे. इसके बाद पुलिस ने सरफराज के घर पर छापेमारी की लेकिन वह नहीं मिला.




