
Ranchi: राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र में स्कूली छात्राओं से छेड़खानी मामले में आईजी अखिलेश झा, डीआईजी अनूप बिरथरे, एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा सुमित कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रहे हैं. छेड़खानी मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी करने का निर्देश दिया है. सरेराह छेड़खानी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसके बाद पुलिस महकमा में हड़कंप मचा हुआ है.
इस मामले को लेकर आईजी अखिलेश झा ने कहा कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी जल्द की जाएगी. पुलिस के अधिकारी ने स्कूल पहुंचकर प्रिंसिपल से बात की और सुरक्षा के दृष्टिकोण से हर सुविधा मुहैया कराने का आश्वासन दिया है. स्कूटी सवार युवक के विरुद्ध कोतवाली थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है.
क्या है वीडियो में
एक स्कूटी सवार मनचला स्कूल जाती चार छात्राओं के साथ छेड़खानी करता नजर आ रहा है. स्कूटी पर अपना मुंह ढक कर वह छात्राओं को छू रहा है. इस घटना से स्कूल जाने वाली छात्राएं काफी भयभीत है. ये स्कूली छात्राएं अपर बाजार स्थित कन्या पाठशाला की हैं. स्कूल की इंचार्ज का कहना है कि छेड़खानी की घटना की वजह से कई छात्राओं ने स्कूल आना छोड़ दिया है. मनचले ऐसा सुबह में स्कूल आने के दौरान ऐसा छेड़खानी की घटना को अंजाम दे रहे हैं. सीसीटीवी में आने के बाद इसकी जानकारी पुलिस को भी दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.




