
Jamtara: भाजपा के अंदर हो रहे विद्रोह और पार्टी से बगावत को रोकने का आखिरी प्रयास जारी है. जामताड़ा जिला के नाला विधानसभा क्षेत्र से दो दो भाजपा के कद्दावर नेताओं ने बगावत कर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर दिया है. जिसमें वीरेंद्र मंडल और पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा बाटुल शामिल है. उनके विरोध और पार्टी को हो रहे नुकसान को पाटने की कवायद टॉप लेवल के नेताओं ने शुरू कर दी है. जिसके तहत दोनों नेताओं को मनाने की जिम्मेदारी असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्व सरमा को मिली है.
असम के सीएम सह बीजेपी के चुनाव सह प्रभारी हिमंता विश्व सरमा गुरुवार को भाजपा से बगावत कर नाला विधानसभा चुनाव से निर्दलीय नामांकन दाखिल करने वाले पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा बाटुल को मनाने जामताड़ा जिला के नाला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बनकाठी स्थित उनके आवास पहुंचे. कुंडहित प्रखंड के महेशपुर हेलीपैड में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया. जिसके बाद सड़क मार्ग से वह बनकाटी स्थित पूर्व कृषि मंत्री सह बीजेपी से बागी प्रत्याशी सत्यानंद झा बाटुल के आवास पहुंचे और और बंद कमरे में घंटे भर से ज्यादा बातचीत की. इस दौरान उन्होंने सत्यानंद झा बाटुल को सरकार बनने के बाद सम्मानित पद देने का आश्वासन दिया और नामांकन वापस लेने की बात कही.
बातचीत के बाद बाहर निकले हिमंता विश्व सरमा ने कहा सत्यानंद झा बाटुल काफी पुराने नेता है. उनको नामांकन वापस लेने की अपील की गई है. राज्य में बीजेपी सरकार बनने पर पार्टी उनका योग्य सम्मान करेगी. वहीं सत्यानंद झा बाटुल ने कार्यकर्ताओं के साथ विचार विमर्श कर आगे का निर्णय लेने की बात कही.




