Hazaribagh: जिले के कटकमदाग में तालाब से अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ है. युवती का शव बुधवार को कटकमदाग थाना क्षेत्र के मेला टांड़ तालाब से बरामद हुआ है. युवती की उम्र 20 वर्ष के आसपास बताई जा रही है. इस मामले में आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या करके उसके शव को तालाब में फेंक दिया गया.
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस ने पहुंच शव को तालाब से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है.
इसे भी पढ़ेंः CoronaUpdate: भारत में संक्रमण केस 50 लाख के पार, सरकार का दावा- रिकवरी रेट बेहतर
युवती के दोनों हाथ बंधे हैं
मिली जानकारी के अनुसार, कटकमदाग थाना क्षेत्र के मेला टांड़ तालाब से जिस युवती का शव बरामद हुआ है, उसके दोनों हाथ रस्सी से बंधे हुए हैं और युवती के शरीर पर चोट के गहरे निशान भी मिले हैं. इससे आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या कर शव को तालाब में छुपाने के मकसद से फेंका गया है.
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस
स्थानीय लोगों ने पहले तालाब में एक शव देखा. इसके बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी गई. सूचना पर पुलिस ने पहुंच कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है. पुलिस शव की शिनाख्त कराने की कोशिश में जुटी हुई है. ख़बर लिखे जाने तक युवती की पहचान नहीं हो पाई है.
इसे भी पढ़ेंः बिहार-यूपी में वज्रपात से 28 लोगों की मौत, उत्तर भारत में उमस भरा रहा मौसम




