
Begusarai: आवास से हथियार मिलने के मामले में सरेंडर कर चुकीं बिहार की पूर्व मंत्री मंजू वर्मा की जमानत याचिका कोर्ट ने खारिज कर दी. अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के न्यायालय में जमानत के लिए दाखिल अर्जी पर मंगलवार को सुनवाई हुई. दरअसल सोमवार को पूर्व समाज कल्याण मंत्री के अधिवक्ता सत्यनारायण महतो द्वारा बेल पिटिशन मंझौल कोर्ट में दाखिल की गयी थी. जिस पर अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रभात त्रिवेदी ने सुनवाई की और उसे खारिज कर दिया.
उल्लेखनीय है कि मुजफ्फरपुर आश्रय गृह यौन उत्पीड़न केस के मुख्य आरोपी ब्रजेश से पूर्व मंत्री के पति की नजदिकियों के बाद उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था. वही शेल्टर होम केस की जांच के दौरान सीबीआई के छापे के दौरान ही मंजू वर्मा के आवास पर भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए थे. जिसके बाद शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था. उनके खिलाफ अगस्त में चेरिया बरियारपुर पुलिस थाने में मामला दर्ज हुआ था.
मामले में जिले के मझौल उप-मंडल में 20 नवंबर को आत्मसमर्पण के बाद से ही वर्मा जेल में बंद हैं.




