
Lohardaga : झारखंड के लोहरदगा जिले में घर बनाने के लिए नींव खोदने पर तीर-धनुष, भाला, कुदाल, फरसा, कुल्हाड़ी और पीतल के समान के साथ प्राचीन हथियार और औजार मिले हैं. जमीन मालिक सुमंत टाना भगत अपना घर बनाने के लिए जेसीबी से नींव की खुदाई करवा रहे थे. इस दौरान जमीन के अलग-अलग हिस्से से यह सामान मिले.
ये वस्तुएं लोहरदगा जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत बमनडीहा गांव में मिली हैं. जिसके बाद आसपास के इलाके में चर्चा शुरू हो गयी है. लोग उसे प्राचीन काल में लड़ाई लड़नेवाले हथियार के रूप में देख रहे हैं.
इसे भी पढ़ें:Ranchi: कल से बापू वाटिका से लेकर मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम के पीछे तक लगेंगी दुकानें
हालांकि जिला प्रशासन इसकी सूचना पाते ही पहुंची और जांच में जुट गयी है. जहां सारी वस्तुओं के सैंपल लिये गये और पुरातात्विक सर्वेक्षण के लिए भेज दिया गया है.
लोहरदगा एसडीएम अरविंद कुमार लाल ने बारीकी से निरीक्षण करते हुए कहा कि यह पूरा क्षेत्र में पहले असुर और लोहार जाति के लोग निवास करते थे. हो सकता है उन्हीं के द्वारा यह बनायी गयी हो. फिलहाल इस पर जांच के बाद ही पता चलेगा यह कितनी पुरानी वस्तुएं हैं.

वहीं जमीन मालिक सुमंत टाना भगत ने बताया कि 5 दिन पहले से जेसीबी से घर निर्माण का कार्य चल रहा था. जिसमें जमीन के 4 फीट नीचे से ये सारे औजार मिले जिसमे तीर धनुष, भाला, फरसा, कुल्हाड़ी, कुदाल और कुछ पीतल के समान हैं. सबको सुरक्षित रखा हुआ है.

इसे भी पढ़ें:कांग्रेस ने विधायक अनूप सिंह को दी मिजोरम के एपीआरओ की जिम्मेवारी




