
Ranchi : ग्रामीण विकास सचिव मनीष रंजन ने प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश सभी डीडीसी को दिया है. सचिव ने 30 अक्टूबर तक हर हाल में अभियान चला कर प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की स्वीकृति लक्ष्य के अनुरूप करने का निर्देश दिया है. साथ ही जो लंबित आवास हैं उन्हें 15 नवंबर तक पूर्ण करने का निर्देश दिया है. आवास निर्माण के लिए राशि भी निर्गत करने का निर्देश दिया. सचिव ने मनरेगा योजना में भी तेजी लाने का निर्देश सभी उप विकास आयुक्तों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दिया है.
बैठक में मनरेगा योजना के तहत किये जा रहे कार्यों की सचिव द्वारा जिलावार विस्तार से समीक्षा की गयी. समीक्षा के क्रम में अपेक्षाकृत कम प्रगति करने वाले जिलों के डीडीसी को सचिव ने कार्य में तेज़ी लाने का निर्देश दिया.
उन्होंने सभी उप विकास आयुक्तों को सभी एक्टिव साईट व मनरेगा के तहत किये जा रहे कार्यों का निरन्तर अनुश्रवण करने के लिए निर्देश दिया. बैठक में मनरेगा आयुक्त, सचिव ग्रामीण विकास विभाग रामकुमार सिन्हा सहित सभी उप विकास आयुक्त शामिल थे.
इसे भी पढ़ें:हर साल दो हजार युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रेझा फाउंडेशन एवं जेएसएलपीएस में समझौता
बिरसा हरित ग्राम योजना में तेजी लायेः राजेश्वरी बी
बिरसा हरित ग्राम योजना की समीक्षा करते हुए मनरेगा आयुक्त राजेश्वरी बी ने योजना के अंतर्गत लाभुकों के चयन/स्वीकृति की विस्तार से जानकारी ली. मनरेगा आयुक्त ने बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत प्लांट ट्रांसप्लांटिंग संबंधित प्रक्रिया एक सप्ताह के अंदर पूर्ण करने का भी निर्देश दिया.
वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना जो भौतिक रूप से पूर्ण है इसे भी एमआईएस में पूर्ण कराने का निर्देश दिया साथ ही अपूर्ण योजनाओं को जल्द से जल्द पूर्ण कराने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ेंझारखंड से लखीमपुर खीरी कूच कर रहे कांग्रेसी
अच्छा प्रदर्शन नहीं करनेवाले जिलों को सख्त निर्देश
बैठक के दौरान सचिव ने प्रधानमंत्री आवास योजना और मनरेगा योजना की प्रखंडवार विस्तार से समीक्षा की. योजनाओं में अच्छा प्रदर्शन नहीं करनेवाले डीडीसी को सचिव ने सख्त निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें:पूर्व मंत्री जेपी पटेल बनाये गये भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष




