
Ranchi : प्रदेश में दलित-आदिवासी बेटियों के साथ बढ़ते दुष्कर्म के मामले में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने हेमंत सरकार को सबसे विफल सरकार करार देते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां हेमंत सरकार में असुरक्षित महसूस कर रही हैं.
उन्होंने कहा कि सिर्फ 26 महीने में लगभग 3700 बहन-बेटियों के साथ दुष्कर्म हुए हैं. जबकि आधे से ज्यादा मामले थानों में पहुंचने से पहले रफा-दफा किये जा रहे हैं. कई मामले थानों में रजिस्टर्ड भी नहीं हो पाते हैं.
उन्होंने कहा कि प्रत्येक दिन लगभग 5 बेटियों की इज्जत तार-तार हो रही है. इसके उल्टे यह सरकार बेटियों को सुरक्षा देने से भाग रही है. अपराधियों में कानून का डर समाप्त हो गया है. उन्होंने कहा कि सर्वाधिक दुष्कर्म के मामले दलित-आदिवासियों के साथ घट रहे हैं.
उन्होंने बोकारो के पेटरवार में दलित नाबालिग युवती के साथ हुए दुष्कर्म मामले पर भी सवाल उठाया और कहा कि हेमंत सरकार की पुलिस प्रशासन इस मामले को भी दबाने व मामले में पेंच लगा कर केस का रुख बदलने में जुटी हुई है.
इसे भी पढ़ें :JPSC : छठी सिविल सेवा की संशोधित मेरिट लिस्ट जारी, देखें पूरी लिस्ट
सरकार तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है
दीपक प्रकाश ने कहा कि हद तो यह है कि दुष्कर्म और मॉब लिंचिंग जैसी घटनाओं में सरकार तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है. पीड़ित परिवार को न्याय देने के बजाए परेशान व आरोपियों को सम्मान दिया जा रहा है.
सरकार जघन्य अपराध में भी जाति धर्म मजहब देख कर कार्रवाई कर रही है. उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति के कारण पूरा प्रदेश जल रहा है.
इसे भी पढ़ें :Jharkhand NEWS : आर्मी कैंटीन से शराब की बिक्री को राज्य सरकार ने किया वैट फ्री
उन्होंने कहा कि भूखल घांसी से लेकर रूपा तिर्की, संजू प्रधान, रूपेश पांडेय, पेटरवार में दुष्कर्म समेत सैकड़ों घटनाओं में धर्म और मजहब देख कर कार्रवाई की है.
उन्होंने कहा कि प्रदेश संविधान से चलता है न कि तुष्टिकरण की राजनीति से. सरकार बेटियों की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाये नहीं तो भाजपा चैन से सोने नहीं देगी. भाजपा आन्दोलन की श्रृंखला खड़ी करेगी.
इसे भी पढ़ें :रांची : नगर आयुक्त ने स्टैंडिंग कमिटी की बैठक बुलाने को लेकर भेजी फाइल, बजट का प्रस्ताव शामिल करने का मेयर ने दिया निर्देश




