JharkhandNEWSRanchiTOP SLIDER

झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र आज से, भाजपा जोरदार वार की तैयारी में, सरकार भी पलटवार को तैयार

Ranchi: झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र आज (29 जुलाई) से शुरू हो रहा है. सत्र की कार्यवाही 5 अगस्त तक चलेगी. एक अगस्त को सरकार सदन में चालू वित्तीय वर्ष का प्रथम अनुपूरक बजट पेश करेगी. छह दिनों के इस सत्र में पांच कार्यदिवस हैं. इस सत्र के हंगामेदार होने के पूरे असार हैं. भाजपा ने बुधवार को स्पीकर द्वारा बुलाई गयी सर्वदलीय बैठक में शामिल नहीं होकर अपनी मंशा जाहिर कर दी है.  सत्र में राज्य में सुखाड़ पर विशेष चर्चा होगी. इस पर अंतिम निर्णय मानसून सत्र के पहले दिन विधानसभा की कार्यवाही के बाद होने वाली कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में होगा. बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में हुई सर्वदलीय बैठक के दौरान इस ज्वलंत मुद्दे पर विशेष चर्चा हो चुकी है.

 

मानसून सत्र में भाजपा रहेगी हमलावर

सत्र के दौरान भाजपा का रुख हमलावर रहने वाला है. पार्टी ने सरकार की घेराबंदी की मजबूत रणनीति बनाई है. ईडी की कार्रवाई समेत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के करीबियों पर शिकंजा कसने का भाजपा मुद्दा बनाएगी.  मुख्यमंत्री और उनके भाई विधायक बसंत सोरेन के खिलाफ भी चुनाव आयोग में मामला चल रहा है. अवैध खनन, रांची में उपद्रव समेत विधि-व्यवस्था, पशु तस्करों का आतंक भी भाजपा के एजेंडे में है, जिसे लेकर पार्टी सरकार पर निशाना साधेगी. लोकसभा में कांग्रेस संसदीय दल के नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपत्नी कहे जाने के मुद्दे पर भी सदन में हंगामे के असार हैं.

 

मुख्यमंत्री हेमंत से मांगा जा सकता है इस्तीफा

भाजपा विधायक दल की बैठक में यह तय हुआ कि 1 अगस्त को भ्रष्टाचार के मामले पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से इस्तीफा मांगा जाएगा. विपक्ष के मुख्य सचेतक बिरंची नारायण ने कहा कि विपक्ष सरकार से ed की गिरफ्त में आये मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि और प्रेस सलाहकार के मामले में जवाब मांगेगा. कहा कि झारखंड देश का पहला राज्य होगा जिसके मुखिया के प्रतिनिधि और सलाहकार पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का मामला चल रहा हो. उन्होंने कहा कि विद्यालयों के इस्लामीकरण पर भी हैम सदन में आवाज बुलंद करेंगे. वहीं मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में सम्पन्न upa विधायक दल की बैठक में विपक्ष के हर प्रहार का जवाब देने पर रणनीति बनी. बैठक के बाद शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने कहा कि भाजपा ने हेमन्त सोरेन को मुख्यमंत्री नहीं बनाया है. माहागठबंधन ने हेमन्त को मुख्यमंत्री बनाया है. कहा कि विपक्ष के हर सवाल का माकूल जवाब दिया जाएगा.

 

नहीं हो विधेयक में गलतियां : स्पीकर

मानसून सत्र की तैयारियों को लेकर बुधवार को बुलाई गई उच्च अधिकारियों की बैठक में विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्र नाथ महतो ने निर्देश दिया कि विधेयकों में गलतियां नहीं रहे. बारीकी से परीक्षण कर तकनीकी शब्दों का जिक्र किया जाए. उल्लेखनीय है कि विभिन्न विधेयकों में गलतियों के कारण राज्यपाल इसे सरकार को लौटा चुके हैं. स्पीकर ने खासतौर से मुख्य सचिव सुखदेव सिंह को निर्देश दिया कि विधेयकों के बारीकी से जांच कराई जाए. अंग्रेजी-हिंदी अनुवाद में गलतियां नहीं हो, इसे सुनिश्चित किया जाए. अनुवाद की विसंगतियों के कारण राजभवन से विधेयक वापस लौटने की नौबत नहीं आए. दोबारा विधेयकों को पारित करने से विधानसभा का समय बर्बाद होता है. राजभवन ने पूर्व में विधानसभा से पारित चार विधेयकों को अनुवाद की विसंगतियों के कारण लौटाया है.

Related Articles

Back to top button