
Hariyana: बसपा के प्रदेश सचिव हरबिलास रज्जूमाजरा की हत्या के छठे दिन बुधवार सायं एसटीएफ ने मुख्य शूटर 23 वर्षीय सागर उर्फ सूर्या को मुठभेड़ में ढेर कर दिया. यह मुठभेड़ मुलाना में महाराणा प्रताप नेशनल कॉलेज की पुरानी बिल्डिंग के पास जंगल में हुई. इस दौरान एसटीएफ के जवानों पर सागर ने गोली चलाई.
बुलेट प्रूफ जैकेट के कारण उनकी जान बच गई, लेकिन तीन जवानों को चोटें लगी हैं. सागर के शव को अस्पताल में रखवाया गया है. आज उसका पोस्टमार्टम करवाया जाएगा. वह शहजादपुर थानाक्षेत्र के गांव बुर्ज का रहने वाला था.सागर पर मारपीट के पांच-छह मामले दर्ज हैं. सागर के पास से पिस्तौल बरामद हुई है.
उधर, पुलिस ने हत्याकांड से पहले हरबिलास की रेकी करने वाले आरोपित रोहित को भी गिरफ्तार कर लिया है. रोहित शहजादपुर का रहने वाला है. रोहित की गिरफ्तारी के साथ ही अब तक कुल छह आरोपित गिरफ्तार हो चुके हैं. अभी चार शूटर और गैंगस्टर वेंकट गर्ग फरार हैं.




