
Ranchi: पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर भारत की कार्रवाई से पूरे देश में जश्न का माहौल है. वहीं झारखंड की राजधानी रांची में जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है. कार्रवाई से खुश लोगों ने पटाखे जलाये और भारत माता की जय के नारे लगाए. बता दें कि भारतीय वायुसेना ने पीओके में मौजूद आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया है. साथ ही पाकिस्तान के बालाकोट में भी आतंकी कैंप को तबाह कर दिया. इसके बाद लोगों ने जमकर अपने-अपने अंदाज में जश्न मनाया और सेना की तारीफ की.
आतंकी बेस कैंपों पर एयर स्ट्राइक
26 फरवरी को तड़के 3.30 बजे भारतीय वायुसेना ने पाक अधिकृत कश्मीर और पाक के बालाकोट में स्थित जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी बेस कैंपों पर एयर स्ट्राइक की. मिराज 2000 विमानों से सधी हुई कार्रवाई करते हुए भारतीय वायुसेना के पायलटों ने मौलाना मसूद अजहर के रिश्तेदार यूसुफ अजहर के द्वारा चलाये जा रहे कैंप को ध्वस्त कर दिया. इस कार्रवाई में यूसुफ अजहर के भी मारे जाने की खबर है. वहीं वायु सेना के द्वारा किए गए इस एयर स्ट्राइक में 300 से अधिक आतंकवादियों के मारे जाने की सूचना है.
14 फरवरी को हुए थे 40 जवान शहीद
गौरतलब है कि 14 फरवरी को पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर आत्मघाती हमला हुआ था. जिसमें देश के 40 जवान शहीद हुए थे. इस हमले की जिम्मेवारी पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी. हमले के बाद से भारत सरकार लगातार कह रही थी कि इस हमले का बदला हम लेंगे. शहीदों की शहादत बेकार नहीं जायेगी. भारत ने पहले ही अपनी कूटनीति के तहत पाकिस्तान को विश्व में अलग-थलग कर दिया है.
इसे भी पढ़ेंः#Air Strike: बड़ी कार्रवाई की फिराक में था जैश इसलिए जरूरी थी कार्रवाई- गोखले




