
Agnipath Protest: अग्निपथ योजना के विरोध में आज विभिन्न छात्र संगठनों ने भारत बंद का ऐलान किया है. इनको राजनीतिक दलों ने भी समर्थन देने की घोषणा की है. इसे लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अलर्ट किया है. झारखंड में बंद के दौरान सभी तरह के एहतियाती कदम उठाने का निर्देश दिया. डीजीपी ने भी सभी जिलों को सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है. उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बलों की तैनाती के साथ ही जुलूस और प्रदर्शन में शामिल लोगों की वीडियोग्राफी कराने का निर्देश दिया है. बंद को लेकर RPF और GRP हाईअलर्ट पर हैं. प्रदर्शनकारियों ने सबसे ज्यादा नुकसान रेलवे को पहुंचाया है. भारत बंद के दौरान हर गतिविधि की सतर्कतापूर्वक निगरानी की जाएगी. इसके साथ ही मोबाइल, कैमरा, सीसीटीवी से हिंसा करने वालों के खिलाफ डिजिटल साक्ष्य जुटाने के आदेश दिए गए हैं.
हर घटना की अलग दर्ज होगी एफआईआर
RPF कहा है कि सभी ऑफिसर्स जनता के बीच जाएं, लोगों में विश्वास पैदा करें. शरारती तत्वों पर बारीकी से नजर रखें. इसके साथ ही इलाके में फ्लैग मार्च करते रहें. हर घटना की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करें, ताकि बाद में जरूरत पड़ने पर उसका इस्तेमाल किया जा सके. अगर कोई घटना होती है तो जीआरपी और स्थानीय पुलिस हर घटना को लेकर अलग-अलग मामले दर्ज करेंगी. इतना ही नहीं, किसी स्टेशन पर एक से अधिक विरोध प्रदर्शन हुए तो फिर एक से ज्यादा मामले दर्ज किए जाएंगे.
इसे भी पढ़ें : चतरा मण्डल कारा में बंदियों के लिए आयोजित ‘दि आर्ट ऑफ लिविंग’ प्रिजन कोर्स संपन्न




