
Ranchi: झारखंड हाइकोर्ट चारा घोटाले से जुड़े एक मामले में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की जमानत याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई करेगा. यह मामला दुमका कोषागार से गबन का है.
न्यायाधीश अपरेश कुमार सिंह की पीठ लालू की जमानत याचिका पर आठ नवंबर को सुनवाई करेगी. गौरतलब है कि 25 अक्टूबर को पीठ से इस मामले पर जल्द सुनवाई का आग्रह किया गया था.
जिसके बाद अदालत ने मामले की सुनवाई के लिए आठ नवंबर की तिथि निर्धारित की थी. गुरुवार को इस मामले में सीबीआई की ओर से प्रति शपथ पत्र दायर किया गया.
इसे भी पढ़ें- #Mayor सह MLA जितेंद्र का आन्दोलन लाया रंग, कोयला मंत्रालय ने हादसे में मौत का मुआवजा 15 लाख किया
सीबीआइ के स्पेशल कोर्ट ने लालू प्रसाद को साढ़े तीन साल की सुनायी थी सजा
देवघर कोषागार से अवैध निकासी मामले में सीबीआइ के स्पेशल कोर्ट ने लालू प्रसाद को साढ़े तीन साल की सजा सुनायी थी. इस मामले में लालू प्रसाद सजा की करीब आधी अवधि जेल में बिता चुके हैं.
सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार सजा की आधी अवधि जेल में काटने पर सजायाफ्ता को जमानत की सुविधा प्रदान की जा सकती है. लालू चारा घोटाले के विभिन्न मामलों में सजायाफ्ता हैं. वह फिलहाल रिम्स अस्पताल में इलाजरत हैं.
इसे भी पढ़ें- अगले 6 घंटे में भीषण रूप ले सकता है चक्रवाती तूफान ‘बुलबुल’, ऐक्शन में पीएमओ
रिम्स के पेइंग वार्ड में भर्ती हैं लालू प्रसाद
लालू प्रसाद को चारा घोटाले के दुमका, देवघर और चाईबासा मामले में सीबीआइ कोर्ट ने सजा सुनायी है. इन तीनों मामलों में 23 दिसंबर 2017 से वो जेल में हैं. बीमार होने की वजह से रिम्स के पेइंग वार्ड में भर्ती हैं.
गौरतलब है कि लालू प्रसाद डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, हार्ट की बीमारी, क्रॉनिक किडनी डिजीज, फैटी लीवर, पेरियेनल इंफेक्शन, हाइपर यूरिसिमिया, किडनी स्टोन, फैटी हेपेटाइटिस, प्रोस्टेट जैसी बीमारियों से जूझ रहे हैं. इस वजह से उन्हें बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार में न रख कर रिम्स के पेइंग वार्ड में भर्ती कराया गया है.




