
Ranchi: कोलकाता कैश कांड में आरोपी हाईकोर्ट के अधिवक्ता राजीव कुमार की ओर से दाखिल अग्रिम जमानत याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. मामले में कोर्ट ने राजीव कुमार को राहत देते हुए अग्रिम जमानत प्रदान कर दी. पूर्व में सीबीआई की विशेष अदालत ने राजीव कुमार की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी. कोलकाता कैश कांड में राजीव कुमार एवं अमित कुमार अग्रवाल के खिलाफ सीबीआई ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी. मामले में आरोप पत्र दाखिल हो चुका है.
दरअसल, कैश कांड में सीबीआई की दिल्ली शाखा ने तीन फरवरी 24 को कोलकाता कारोबारी अमित अग्रवाल और राजीव कुमार के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी. जिस पर अदालत ने संज्ञान लेते हुए आरोपी को समन जारी किया था. राजीव कुमार को कोलकाता में 50 लाख रुपए नकद के साथ गिरफ्तार किया गया था. इसमें अमित अग्रवाल की संलिप्तता थी. एक साजिश के तहत अमित अग्रवाल ने राजीव कुमार को रांची से कोलकाता बुलाया और उन्हें गिरफ्तार करवा दिया था. सीबीआई की दिल्ली शाखा ने अमित अग्रवाल और राजीव कुमार के खिलाफ 20 जनवरी 2023 को प्राथमिकी दर्ज की थी.




