ChaibasaEducation & CareerJamshedpurJharkhand

एनआईटी जमशेदपुर में आसान है लड़कियों का दाखिला, लड़कों के लिए राह मुश्किल, ये है वजह

Sanjay Parsad
Jamshedpur: जेईई एडवांस की परीक्षा होने के साथ ही विद्यार्थियों के आईआईटी में दाखिला की उल्टी गिनती शुरू हो गई है. दो सत्रों में हुई परीक्षा के बाद अधिकतर परीक्षार्थियों को अपने स्कोर और रैंक को लेकर एक मोटा मोटी अनुमान हो जाता है. जिनका पेपर बहुत अच्छा नहीं गया है, वे आईआईटी के सपने को छोड़ जेईई मेन के रैंक के आधार पर अभी से एनआईटी या दूसरे संस्थानों में दाखिला की संभावनाएं तलाशना शुरू कर दिए हैं. जल्द ही जेईई एडवांस के रिजल्ट के बाद जोसा के जरिए कॉमन काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू होगी. ऐसे में आज हम झारखंड के संस्थानों के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं, जिसमें जेईई मेन और जेईई एडवांस के जरिए दाखिला होता है.
जेईई एडवांस के रैंक के आधार पर आईएसएम धनबाद में दाखिला
झारखंड में आईएसएम (इंडियन स्कूल ऑफ माइंस) धनबाद को आईआईटी का दर्जा प्राप्त है और यहां दाखिला जेईई एडवांस के स्कोर के आधार पर होता है. इसके अलावा झारखंड में जमशेदपुर में एनआईटी, रांची में ट्रिपलआईटी और नेशनल इन्स्टीट्यूट ऑफ फाउंड्री एंड फोर्ज टेक्नोलॉजी ( निफ्ट) हैं, जिसमें जेईई मेन के रैंक के आधार पर दाखिला होता है. यही नहीं निजी संस्थानों में रांची में प्रतिष्ठित बीआईटी मेसरा है, जिसमें दाखिला भी जोसा के जरिए होता है. इन तीनों संस्थान में बीआईटी मेसरा (रांची) को स्टूडेन्ट्स तव्वजो देते हैं क्योंकि इसका न केवल प्लेसमेंट बेहतर है बल्कि इसका एकेडमिक रैंकिंग भी अच्छी है. साथ ही कई निजी इंजीनियरिंग कॉलेज भी जेईई मेन के रैंक पर दाखिला लेते हैं. आज हम एनआईटी जमशेदपुर के बारे में जानकारी दे रहे हैं.
जेईई मेन में 50 हजार तक के रैंक वालों को एनआईटी जमशेदपुर में मिलता है दाखिला
पिछले साल ज्वाइंट सीट एलोकेशन ऑथोरिटी (जोसा) की काउंसलिंग प्रक्रिया के पहले राउंड में आबंटित सीटों के ओपनिंग और क्लोजिंग रैंक से साफ है कि एनआईटी जमशेदपुर में जेनरल केटेगरी के उम्मीदवारों के 50 हजार तक रैंक होने पर भी दाखिला मिला. एससी-एसटी उम्मीदवारों को एक लाख पार रैंक होने पर भी एडमिशन मिला था. साथ ही लड़कियों के लिए भी दाखिला आसान है. पिछले साल आईआईटी में 30 हजार और एनआईटी में एक लाख से पार रैंक (ओपेन केटेगरी) होने के बावजूद लड़कियों का दाखिला मनमाफिक ब्रांच में हुआ था जबकि लड़कों को इन संस्थानों में दाखिला के लिए काफी कड़ी प्रतिस्पर्धा से गुजरना पड़ा था. इसकी वजह केन्द्र सरकार द्वारा इन प्रतिष्ठित संस्थानों में लड़कियों के लिए 20 फीसदी सीटें आरक्षित करनी है.
एनआईटी जमशेदपुर के पहले राउंड में 50 हजार रैंक पार करने वाली लड़कियों को मिला था दाखिला
एनआईटी जमशेदपुर के पहले राउंड में ही 52 हजार के पार रैंक लाने वाली लड़कियों का दाखिला हुआ था. जोसा की ओर से जारी ओपनिंग और क्लोजिंग रैंक के अनुसार एनआईटी जमशेदपुर के कम्प्यूटर साइंस में पहले राउंड में लड़कियों का क्लोजिंग रैंक 18459 रहा, जबकि लड़कों के लिए 9932 था. इसी तरह से मेकेनिकल ब्रांच में 40 हजार रैंक लाने वाली लड़कियों को दाखिला मिला था, जबकि लड़कों का क्लोजिंग रैंक 26 हजार के पास था
कुल 751 में से 150 सीटें लड़कियों के लिए आरक्षित
नेशनल इन्स्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) के बीटेक में कुल सीटों की संख्या 751 हैं, जिसमें से 150 सीटें लड़कियों के लिए आरक्षित है यानि कुल सीट की लगभग 20 फीसदी सीटें लड़कियों के लिए आरक्षित हैं. इसके अलावा लड़कियां ओपेन केटेगरी में भी दाखिला ले सकती है. यानि एनआईटी में कम के कम 20 फीसदी लड़कियों का दाखिला होगा ही. ओपेन केटेगरी में अगर लड़कियां दाखिला लेती है तो लड़कियों की संख्या 20 फीसदी से ज्यादा हो जाएगी. उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार ने देश भर के आईआईटी और एनआईटी में लड़कियों का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए पहले 14 प्रतिशत और अब 20 फीसदी सीटें सुरक्षित करने का फैसला लिया है. जब लड़कियों के लिए सीटें सुरक्षित नहीं थी, तब उनकी संख्या कुल विद्यार्थियों की केवल 6 से 8 फीसदी के बीच थी. लड़कियों की संख्या को बढ़ाने के लिए सरकार ने सारे स्ट्रीम में सुपरन्यूमेररी (अतिरिक्त) सीट को सृजित किया गया है. इससे लड़कियों को अब आईआईटी और एनआईटी सरीखे संस्थानों में दाखिला आसान हो गया है. उनका रैंक पीछे होने के बावजूद उन्हें इन संस्थानों में दाखिला मिल जाता है.
एनआईटी जमशेदपुर की आधी सीटें झारखंड के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित
एनआईटी जमशेदपुर की आधी सीटें झारखंड के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित है. इसके लिए जरूरी है कि स्टूडेन्ट्स झारखंड से बारहवीं की पढ़ाई किया हो और उसका यहां पर डोमिसाइल सर्टिफिकेट हो. शेष आधी सीटों पर देश के दूसरे राज्यों के उम्मीदवारों को दाखिला मिलता है. मसलन 751 सीटों में से आधी सीटों पर झारखंड और आधी पर बाहरी का दाखिला होता है. झारखंड के उम्मीदवारों का बाहरी के बजाय कम रैंक में ही दाखिला मिलता है.
एनआईटी जमशेदपुर-किस स्ट्रीम में कितनी सीटें
स्ट्रीम सीटों की संख्या
1.सिविल इंजीनियरिंग 57 (झारखंड)
57 (अदर दैन झारखंड)
2.कम्प्यूटर साइंस 58 (झारखंड)
58 (अदर दैन झारखंड)
3.इलेक्ट्रिकल 57 (झारखंड)
57 (अदर दैन झारखंड)
4.इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन 58 (झारखंड)
58 (अदर दैन झारखंड)
5.मेकेनिकल 58 (झारखंड)
57 (अदर दैन झारखंड)
6.मेटलर्जी 57 (झारखंड)
57 (अदर दैन झारखंड)
7.प्रोडक्शन 31 (झारखंड)
31 (अदर दैन झारखंड)
केटेगवरी वाइज सीटें
केटेगरी सीटों की संख्या
1.ओपन 304 (पीडब्ल्यूडी-18)
2.ईडब्ल्यूएस 75 (पीडब्ल्यूडी-05)
3.एससी 113 (पीडब्ल्यूडी-07)
4.एसटी 56 (पीडब्ल्यूडी-04)
5.ओबीसी 203 (पीडब्ल्यूडी-12)

ये भी पढ़ें- Mann Ki Baat: मन की बात में पीएम मोदी ने क‍िया झारखंड के ग‍िर‍िडीह का ज‍िक्र, जान‍िए क‍िस पहल को सराहा

 

Related Articles

Back to top button