JharkhandRanchi

झारखंड प्रशासनिक सेवा से आइएएस में नवप्रोन्नत पदाधिकारियों का प्रशासनिक सेवा संघ ने किया सम्मान

Ranchi: झारखंड प्रशासनिक सेवा संघ द्वारा वर्ष 2024 में सेवानिवृत्त झारखंड प्रशासनिक सेवा के पदाधिकारी एवं झारखंड प्रशासनिक सेवा से भारतीय प्रशासनिक सेवा में नवप्रोन्नत पदाधिकारियों का विदाई -सह-सम्मान समारोह का आयोजन प्रोजेक्ट भवन के द्वितीय तल स्थित एनेक्सी बिल्डिंग के  सभागार में किया गया. कार्यक्रम के प्रारंभ में बीते वर्ष दिवंगत हुए झारखंड प्रशासनिक सेवा संघ के पदाधिकारियों के लिए दो मिनट का मौन रखा गया. स्वागत भाषण में झारखंड प्रशासनिक सेवा संघ की अध्यक्ष रंजीता हेंब्रम ने सेवानिवृत्त पदाधिकारियों के बहुमूल्य योगदान का स्मरण किया. उनके बेदाग कैरियर को युवा पदाधिकारियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया. सेवानिवृत्त पदाधिकारियों के उज्जवल भविष्य की कामना की. भविष्य में उनसे अपना मार्गदर्शन देते रहने का भी अनुरोध किया. श्रीमती हेंब्रम ने नवप्रोन्नत भारतीय प्रशासनिक सेवा के पदाधिकारियों को बधाई दी तथा उनके बेदाग कैरियर से युवा पदाधिकारियों को सीख लेने की सलाह दी. कार्यक्रम में नवप्रोन्नत भारतीय प्रशासनिक सेवा के पदाधिकारियों में से संदीप कुमार, राजकुमार गुप्ता तथा शैल प्रभा कुजूर ने अपने उद्गार व्यक्त किये. सेवानिवृत्त पदाधिकारियों द्वारा भी अपने सेवा काल के अनुभव साझा किए गए. भविष्य में झारखंड प्रशासनिक सेवा संघ के पदाधिकारियों द्वारा कार्य के क्षेत्र में आने वाली चुनौतियों का सामना करने के उपाय भी सुझाए. रिटायर्ड पदाधिकारियों तथा झारखंड प्रशासनिक सेवा से भारतीय प्रशासनिक सेवा में नवप्रोन्नत पदाधिकारीयों द्वारा इस तरह के कार्यक्रम के आयोजन के लिए झारखंड प्रशासनिक सेवा संघ का आभार प्रकट किया गया. कार्यक्रम का संचालन तथा धन्यवाद ज्ञापन राहुल कुमार, महासचिव, झारखंड प्रशासनिक सेवा संघ द्वारा किया गया. कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर सेवानिवृत्त झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अरविंद कुमार मिश्रा भी उपस्थित थे.

Related Articles

Back to top button