
Jahanabad: जिले में अवैध निजी नर्सिंग होम के खिलाफ बुधवार को प्रशासन का डंडा चला है. जहानाबाद के एसडीओ मनोज कुमार सिंह ने तीन सदस्सीय डॉक्टरों की टीम के साथ घोसी थाना क्षेत्र के बराम सराय इलाके में छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित निजी नर्सिंग होम एवं दवा दुकान को सील कर दिया. एसडीओ ने संचलक के खिलाफ केस दर्ज करने का निर्देश दिया है.
जहानाबाद जिले में बड़े पैमाने पर अवैध नर्सिंग होम का कारोबार फल फूल रहा है. शहर के अलावा ग्रामीण इलाकों में भी झोलाछाप डॉक्टरों ने अपनी दुकान खोल रखी है. लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद आज एसडीओ के नेतृत्व में कार्रवाई की गई. इस कार्रवाई के बाद अवैध नर्सिंग होम संचालकों में हड़कंप मच गया है. एसडीओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि लगातार इस तरह की सूचनाएं मिल रही थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है.
उन्होंने कहा कि जिले में चल रहे ऐसे सभी अवैध निजी नर्सिंग होम के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि मरीजो की जान के साथ खिलवाड़ करनेवाले संचालकों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा. उनका कहना था कि जिले में ऐसे जितने भी नर्सिंग होम अवैध रूप से संचालित हो रहे हैं उनके संचालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.




