
New Delhi: दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष रहे आदेश गुप्ता ने कहा है कि उन्होंने दिल्ली नगर निगम चुनावों में पार्टी की असफलता की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपना इस्तीफा दिया है. उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “एमसीडी चुनाव में पार्टी को उम्मीद के मुताबिक़ नतीजे नहीं मिले. हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मैं दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.” आदेश गुप्ता ने कहा, “मैंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को कल ही अपना इस्तीफ़ा भेज दिया था और आज ये स्वीकार कर लिया गया है.”
इसे भी पढ़ें: पीएम मोदी ने तीन राष्ट्रीय आयुष संस्थानों का उद्घाटन किया, आयुर्वेद कांग्रेस में भी हुए शामिल
आदेश गुप्ता के इस्तीफे के बाद दिल्ली बीजेपी के उपाध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को उनकी जगह पर कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है. इसकी जानकारी देते हुए आदेश गुप्ता ने ट्वीट किया, “मेरे मित्र और पुराने साथी वीरेंद्र सचदेवा जी को दिल्ली बीजेपी का कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर हार्दिक बधाई.” पार्टी की हार के सवाल पर उन्होंने कहा, “हम कहां चूक गए, इसके लिए हमें पड़ताल करनी होगी. विश्लेषण के बाद ही हम कुछ कह सकेंगे.”




