
Ranchi: राज्य सरकार ने तत्कालीन अंचल अधिकारी, कोडरमा अशोक राम पर विभागीय कार्यवाही चलाने का आदेश दिया है. उनके खिलाफ लगे आरोपों की जांच के लिए रिटायर आइएएस कमल जॉन लकड़ा को जांच संचालन पदाधिकारी बनाया गया है. वहीं भूमि सुधार उप समाहर्ता कोडरमा को उपस्थापन पदाधिकारी नियुक्त किया गया है. अशोक राम से 15 दिनों में लिखित बचाव बयान भी दर्ज कराने को कहा गया है. उनके खिलाफ 51 मामलों में बिना अभिलेख संधारित किए तथा प्रश्नगत भूमि के भौतिक सत्यापन किए बिना ही संबंधित जमाबंदी धारकों के नाम से 24 एकड़ गैरमजरूआ खास भूमि का ऑनलाइन लगान रसीद निर्गत करने के संबंध में आरोप है. मामले पर डीसी कोडरमा ने आरोप पत्र गठित कर कार्रवाई की अनुशंसा की है. मामले की जांच की गई जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप प्रमाणित हुआ. जिसके बाद सरकार ने कार्रवाई का फैसला लिया है. इस सबंध में कार्मिक विभाग ने आदेश जारी कर दिया है.




