
Nikhil kumar
Ranchi: एनएचएआई चेयरमैन संतोष कुमार यादव ने जीटी रोड (एनएच 2) बरवाअड्डा-पानागढ़ सेक्शन में धनबाद के गोविंदपुर और निरसा के मार्केटप्लेस-ऑटो रिक्शा-ई-रिक्शा, स्मॉल वेंडरों इत्यादि द्वारा किए गये अतिक्रमण को अविलंब हटाने के लिए राज्य सरकार को पत्र लिखा है. पुलिस प्रशासन द्वारा एनएच दो किनारे सीज वाहनों को पार्क करने की भी समस्या से अवगत कराया और कहा है कि इस वजह से सर्विस रोड नहीं बन पा रहा है. चेयरमैन ने इस संबंध में झारखंड के मुख्य सचिव एल खियांग्ते को पत्र लिखा है. उन्होंने यह अवगत कराया है कि छह लेन बन रही इस बरवाअड्डा-पानागढ़ सेक्शन (पानागढ़ बाइपास इन झारखंड और पश्चिम बंगाल ) सहित पूरे सड़क का काम प्रगति पर है, जल्द ही यह काम भी करा दिया जायेगा.
लेकिन इसके काम में अभी भी कुछ जगहों पर बाधा है जिससे दूर कराने की आवश्यकता है. चेयरमैन ने कहा है कि स्थानीय फील्ड अफसरों के द्वारा लगातार गोविंदपुर और निरसा के साइट एरिया में आ रही समस्याओं से जिला प्रशासन ओर पुलिस प्रशासन को अवगत कराया गया है, लेकिन समस्या का निदान अब तक नहीं हो पाया है. ऐसे में राज्य सरकार अतिक्रमण को हटाने के लिए पूरे मामले में हस्तक्षेप करें और विशेष पदाधिकारी भी प्रतिनियुक्ति की जाये ताकि समस्या का निदान जल्द हो सके. उन्होंने स्पष्ट कहा कि उक्त काम होने पर सड़क निर्माण का कार्य जल्द पूरा किया जा सकेगा.
काफी व्यस्त इलाका, ब्लैक स्पॉट भी ठीक नहीं किया जा सका
एनएच 2 का एक सेक्शन धनबाद के गोविंदपुर और निरसा एरिया से गुजर रहा है. लेकिन ये दोनों जगह काफी व्यस्त है, बाजार से भरा हुआ है. लेकिन दोनों सेक्शन में भारी अतिक्रमण है. इसमें बड़े पैमाने में ऑटो रिक्शा और टोटो रिक्शा, स्मॉल वेंडर, ठेला-गुमटी वाले सड़क किनारे अतिक्रमण कर काम बाधित कर रहे हैं. ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन भी कर रहे, इन नियमों का सही से स्थानीय पुलिस-प्रशासन अनुपालन भी नहीं करवा रहे है. नतीजातन सालों से वहां पर जाम की समस्या लगी रहती है, दुर्घटनाएं भी होती है. भारत सरकार के मिनस्ट्री ऑफ रोड ट्रांसपोर्ट हाइवे ने निरसा और गोविंदपुर दोनों स्थानों पर ब्लैक स्पॉट भी चिंहित किया हुआ है, जिसे ठीक कराना जरूरी है. एनएचएआई चेयरमैन दोनों इलाकों के मार्केटप्लेस को अन्यत्र स्थानांतरित कराने और पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने का अनुरोध भी किया है, ताकि वहां पर काम कराया जा सके.
डेढ़ किलोमीटर तक काम फंसा, कहीं मंदिर नहीं हटा, कहीं मुआवजा नहीं मिला
करीब 1.50 किमी तक की जमीन विभिन्न क्षेत्रो में अभी तक एनएचएआई को नहीं मिली है, जिससे काम में बाधा उत्पन्न हो रही है. कई जगह रैयतों को मुआवजा नहीं मिल पाया है. किमी 433 ओर 090 में दो मंदिर भी स्थित है जिससे शिफ्ट कराने की अविलंब जरूरत है. स्थानीय लोगों के विरोध की वजह से मंदिर को हटाया नही जा सका है इस वजह से सर्विस रोड नहीं बन पा रहा है. इसके अलावा 0.07 एकड़ जमीन इस क्षेत्र में खरीदना है, जिसकी जानकारी राज्य सरकार को है पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी.
पुलिस प्रशासन सीज व दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को पार्क कर दिए, सर्विस रोड नहीं बन पा रहा
निरसा व गोविंदपुर में एनएच दो किनारे स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा सीज और एक्सीडेंटल वाहनों को पार्क कर दिया जाता है. दोनों स्थानों पर 30-40 वाहन पड़े हुए है, जिसे हटाना जरूरी है. कई बार स्थानीय प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा सका है. इस वजह से सर्विस रोड का काम प्रभावित हो गया है.




