Crime NewsJharkhandPalamu

पलामू : प्रगति बाल विकास योजना में नौकरी के नाम पर ठगी, आरोपी युवक ऑफिस बंद कर फरार

ठगी के शिकार युवक ने पलामू डीसी और एसपी को आवेदन देकर की कार्रवाई की मांग

Palamu : पलामू जिले के विभिन्न प्रखंडों में प्रगति बाल विकास योजना में नौकरी का झांसा देकर भोले-भाले लोगों से लाखों की ठगी किये जाने का मामला प्रकाश में आया है. ठगी के शिकार हुए पांकी प्रखंड के सगालीम गांव निवासी आलोक कुमार सिंह ने इस मामले की लिखित शिकायत पलामू डीसी और एसपी से की है.

आवेदन में आलोक कुमार सिंह ने कहा है कि पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के भवरदह गांव निवासी दीपक कुमार ने प्रगति बाल विकास योजना में नौकरी का झांसा देकर उनसे 60 हजार रुपये की ठगी की है. दीपक कुमार ने ज्वॉइनिंग लेटर भी दिया है, लेकिन काम पर नहीं लगाया. जब उससे संपर्क किया जाता है, तो वह टाल-मटोल करता है.

इसे भी पढ़ें : मैक्लुस्कीगंज: दो भाइयों ने मिलकर की थी बहन के प्रेमी की हत्या

ऑफिस बंद कर फरार है आरोपी

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी दीपक कुमार ने जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के नया ओवरब्रिज के पास प्रगति बाल विकास योजना का कार्यालय भी खोला था, लेकिन कार्यालय बंद कर वह फरार हो गया है. दीपक द्वारा पलामू जिले के विभिन्न प्रखंडों के करीब दर्जनों लोगों से नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी की गयी है.

इधर, ठगी के शिकार हुए कई लोगों ने बताया कि दीपक कुमार जिले के विभिन्न प्रखंडों में अपना नाम बदलकर प्रगति बाल विकास योजना में नौकरी का झांसा देकर लोगों से पैसे की ठगी कर रहा है. यदि इस पर रोक नहीं लगायी गयी, तो जिले के हजारों लोग ठगी के शिकार हो सकते हैं.

हालांकि, आवेदन मिलने के बाद पलामू डीसी शशि रंजन ने पूरे मामले की जांच का जिम्मा संबंधित अधिकारियों को सौंपा है. डीसी ने निर्देश दिया है कि ऐसे ठग गिरोह के व्यक्ति को चिह्नित कर उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाये.

डीसी ने बताया कि ठग गिरोह पर प्रशासन की नजर है. ऐसे लोगों बख्शा नहीं जायेगा. इधर, एसपी संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. बहुत जल्द ठगी करनेवाले आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.

इसे भी पढ़ें : आजसू पार्टी ने मानभूम-जंगलमहल क्षेत्रीय प्रशासन के गठन की मांग

Related Articles

Back to top button