
Ranchi: मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील वर्णवाल ने राज्य के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के भवनों की स्थिति का ऑडिट कर एक माह के अंदर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है. उन्होंने सभी जिलों के उपायुक्तों को कहा है कि जरूरत के अनुसार विद्यालय भवनों और आंगनबाड़ी केंद्रों की मरम्मत या पुनर्निर्माण का कार्य अनटाइड फंड या स्कूली शिक्षा विभाग में उपलब्ध फंड से प्राथमिकता के आधार पर पूरा करायें.
उन्होंने पूरी तरह जर्जर हो चुके स्कूल भवनों को तत्काल ध्वस्त करने का भी निर्देश दिया ताकि इनकी वजह से किसी तरह का हादसा न हो. उन्होंने यह आदेश मुख्यमंत्री जनसंवाद केंद्र की साप्ताहिक समीक्षा के दौरान रांची के तमाड़ प्रखंड अंतर्गत सरजामडीह मध्य एवं बालिका विद्यालय की जर्जर स्थिति को लेकर दर्ज करायी गयी शिकायत को लेकर दिया.
उन्होंने करीब दो साल पूर्व दर्ज करायी गयी इस शिकायत पर संतोषजनक कार्रवाई न करनेवाले शिक्षा विभाग के एडीपीओ के खिलाफ कार्रवाई करने का भी आदेश दिया.
इसे भी पढ़ेंः दिल्ली पहुंचे ममता के करीबी शोभन चटर्जी, थामेंगे भाजपा का दामन
सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को राष्ट्रीय पारिवारिक हित लाभ मिलेगा
रामगढ़ जिले में सड़क दुर्घटना में मृत महेंद्र प्रसाद के परिजनों द्वारा राष्ट्रीय पारिवारिक हित लाभ योजना के तहत सहायता राशि का भुगतान न किये जाने की शिकायत पर उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि मृत्यु की स्थिति में तत्काल मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की व्यवस्था लागू की जाये.
इसे भी पढ़ेंः अलकतरा घोटालाः जेल में बंद पूर्व मंत्री इलियास हुसैन की अपील याचिका हाइकोर्ट ने की खारिज
धनबादः किसानों को मुआवजा देने के लिए कहा
धनबाद के राजगंज प्रखंड में पैक्स की ओर से उपलब्ध कराये गये धान बीज की रोपनी के बाद समय पूर्व बाली निकल आने के चलते 2013-14 में किसानों की फसल बर्बाद हो गयी थी. इस मामले में पूर्व में यह बताया गया था कि बीमा कंपनी की गारंटी की रकम से रिकवरी कर किसानों को मुआवजा भुगतान किया जायेगा.
अब तक किसानों को मुआवजा नहीं दिये जाने पर प्रधान सचिव ने मामले को अगली सीधी बात कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कृषि विभाग के नोडल अधिकारी को स्पष्ट रूप से चेतवानी देते हुए कड़ी कार्रवाई करने की बात कही. गोड्डा जिला के वार्ड सदस्य मो. अजहर परसा को जून 2017 से प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं किए जाने की शिकायत पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील वर्णवाल ने पंचायती राज से इस संबंध में स्पष्ट दिशानिर्देश के साथ एक रिपोर्ट की मांग की है.
कोडरमाः सिंचाई के लिए पाइप लाइन की मांग
कोडरमा के गांव पहाड़ सिंह खैरा, गहड़ाबाद, महावरयान, पुरूवारबाद, लोहानीगंजबाद तथा मनीअहराबाद में खेतों में सिंचाई की उचित व्यवस्था के लिए वहां के किसानों ने पाइप लाइन की मांग की. इस पर सुनील वर्णवाल ने विभाग को योजना कि स्वीकृति जल्द से जल्द कराने का निर्देश दिया.
गढ़वाः चक्रवाती तूफान पीड़ितों को मुआवाज देने पर जोर
गढ़वा के कांडी प्रखंड अंतर्गत खरौंधा ग्राम के भुरवा टोला में 31 मई 2018 को चक्रवाती तूफान के कारण 63 ग्रामीणों के घर क्षतिग्रस्त हो गये थे. ग्रामीणों को मुआवजा नहीं दिये जाने की शिकायत पर उन्होंने जिला के नोडल अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर मुआवजे का भुगतान करने का निर्देश दिया.
पेंशन की स्वीकृति के लिए कहा
वित्तीय वर्ष 2015-16 में श्रम अधीक्षक, गढ़वा के आदेश पर दलित विकास मंच, गढ़वा एवं जन सहभागी केंद्र, गढ़वा ने बाल श्रमिक सर्वेक्षण का कार्य किया था, जिसके एवज में उन्हें अब तक भुगतान नहीं किया गया है.
इसपर फटकार लगाते हुए भुगतान पर रोक लगाने को गलत कहा. जलपथ प्रमंडल, रांची से कनीय अभियंता के पद से 31 जनवरी 2016 को सेवानिवृत ब्रज किशोर शर्मा को अब तक उपादान की राशि एवं पेंशन की स्वीकृति नहीं दिये जाने की शिकायत पर विभाग के नोडल अधिकारी ने 15 जुलाई 2019 तक भुगतान कर पेंशन शुरू कराने का आश्वासन दिया.
बोकारोः एक सप्ताह में भुगतान का निर्देश
बोकारो जिले में वर्ष 2014 के विधान सभा चुनाव के दौरान शिव कुमार सिंह ने स्वच्छता प्रमंडल, चास के आदेशानुसार बेरमो, चंद्रपुरा चास के बूथों में कुल 126 अस्थायी शौचालयों का निर्माण करवाया था. कार्य के एवज में बकाया राशि का भुगतान उन्हें अब तक नहीं जाने की शिकायत पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील वर्णवाल ने जिला के नोडल अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर भुगतान करने का आदेश दिया.
समीक्षा बैठक में ये लोग मौजूद
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री सचिवालय के अपर सचिव रमाकांत सिंह, संयुक्त सचिव मनोहर मरांडी के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ेंः पलामू : फूफा ने नया ATM एक्टिवेट करने के बहाने भतीजी के खाते से छह लाख उड़ाये




