Giridhi. गिरिडीह के जमुआ थाना क्षेत्र के मिर्जागंज में संचालित हर्ष ट्रेडर्स कंप्यूटर दुकान से चोरी करने वाले पांच अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इनके पास से चार लाख से अधिक के आठ पीस एलईडी मॉनिटर और चार सीपीयू बरामद किए गए हैं.
सोमवार को प्रेसवार्ता कर एसपी अमित रेणु और जमुआ सर्किल इंस्पेक्टर विनय राम ने बताया कि गिरफ्तार पांचों अपराधी जमुआ थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांव के हैं. गिरफ्तार अपराधियों में मिर्जागंज का महेन्द्र ठाकुर, मनोज तूरी, जगरन्नाथडीह का राजकुमार राम, परगोडीह गांव का विक्रम राय और मेदनीटांड गांव निवासी कुलद्धीप दास शामिल हैं. गिरफ्तार पांचों अपराधी कई बार पहले भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं, लेकिन हर बार घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो जाते थे.
इसे भी पढ़ें- रेलवे के ई-टिकट की दलाली करने वाला गिरफ्तार, सॉफ्टवेयर से करता था फर्जीवाड़ा
एसपी ने बताया कि शक के आधार पर पहले विक्रम राय को दबोचा गया. इसके निशानदेही पर चारों को गिरफ्तार कर पांचों के घर से कंप्यूटर का मॉनिटर और सीपीयू समेत कंप्यूटर के कई उपकरण बरामद किए गए. अपराधियों के पास से पुलिस ने लोहे का एक औजार भी बरामद करने में सफलता पाया है. जिसे इन लोगों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था.




