Patna: एनडीए खेमे में अब भी सियासी घमासान जारी है. जेडीयू और एलजेपी के बीच टकराव जारी है. अब लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान ने पीएम मोदी को चिट्ठी लिखी है, जिसमें जेडीयू अध्यक्ष और बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा गया है.
चिराग ने अपने पत्र में लिखा है कि बिहार की जनता नीतीश कुमार से खुश नहीं है. और सरकार विरोधी इस नाराजगी का असर आनेवाले विधानसभा चुनाव पर पड़ सकता है.
इसे भी पढ़ेंः Man Vs Wild : खतरों के खिलाड़ी ने बेयर गिल्स से सीखी सर्वाइवल की तकनीक
नीतीश सरकार से खुश नहीं जनता- चिराग
पीएम को लिखे पत्र में बिहार की कार्यशैली को लेकर लोगों में नाराजगी की बात कही गयी है. साथ ही कोरोना संकट और इससे निपटने के लिए बिहार सरकार की ओर से किये गये उपायों पर भी नाराजगी जताई गयी है. चिराग पासवान ने अपने पत्र में लिखा है कि कोरोना आंकड़े को लेकर भी सरकार पर संशय है. राज्य सरकार की कार्यप्रणाली और नौकरशाहों के रवैये का भी पत्र भी जिक्र है. उन्होंने कहा कि ये बातें वो संसदीय बोर्ड की बैठक में मिले फीडबैक के आधार पर पीएम से साझा कर रहे हैं.
बता दें कि दो दिन पहले ही बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के बिहार दौरे के दौरान चिराग पासवान ने जेडीयू के नेतृत्व में चुनाव लड़ने की बात कही थी, अब एकबाऱ फिर नीतीश कुमार पर तीखा हमला कर उन्होंने जता दिया है कि उनके तेवर फिलहाल नरम नहीं पड़े हैं.
इसे भी पढ़ें : हरिवंश दोबारा चुने गये राज्यसभा का उपसभापति, प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई
16 सितंबर को लोजपा सांसदों की बैठक
इधर लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान ने 16 सितंबर को पार्टी के सभी सांसदों की बैठक बुलाई है.
लोजपा के सूत्रों ने बताया कि बैठक में पार्टी की बिहार इकाई के प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा कि उसे 243 सदस्यीय राज्य विधानसभा के चुनाव में 143 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहिए.
राज्य से लोकसभा में लोजपा के छह सदस्य हैं और राज्यसभा में एक सदस्य इसके संस्थापक और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान हैं. पार्टी को यह भी उम्मीद है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के दो प्रमुख दलों- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जेडीयू और बीजेपी के बीच सीट बंटवारे को लेकर बैठक के समय तक स्पष्टता आ जाएगी.
लोजपा के सूत्रों ने बताया कि राज्य में पार्टी की स्थिति को कमजोर करने का कोई भी प्रयास जेडीयू के खिलाफ जाएगा. उन्होंने बताया कि जद(यू) लोजपा को नीचा दिखाने का काम कर रहा है. उन्होंने सत्तारूढ़ पार्टी के दलित नेता जीतन राम मांझी के साथ हाथ मिलाने के फैसले का हवाला दिया, जिनका लोजपा पर निशाना साधने का इतिहास रहा है. लोजपा का आधार मुख्य रूप से दलित वर्ग है.
इस बीच, नीतीश कुमार ने शनिवार को अक्टूबर-नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए एनडीए गठबंधन के सहयोगियों के बीच सीट बंटवारे को लेकर भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की.
इसे भी पढ़ें : विपक्ष के सवाल पर सरकार का जवाब- कोरोना काल में कितने मजदूरों की जान गयी आंकड़ा उपलब्ध नहीं




