JharkhandPalamu

पलामू : यहां भी ठगे गये किसान, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में आये दो हजार की जगह 40.90 पैसे

Dilip Kumar

Palamu : किसानों को सम्मान के तौर पर आर्थिक राहत देने के लिए कुछ माह पहले केंद्र सरकार द्वारा ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ योजना की शुरूआत की गयी थी. लेकिन इस योजना के प्रभावी होने पर इससे फायदा न पहुंचकर किसानों को ठगने का काम किया जा रहा है. हाल के दिनों में केंद्र सरकार किसानों को इस ‘सम्मान’ की पहली किस्त भेजनी शुरू भी कर दी है. लेकिन इस योजना से जुड़े किसानों के खाते में कितने पैसे भेजे हैं. इसे जानकार आप हैरान हो जायेंगे.

दो हजार के बदले आये 40 रुपये 90 पैसे 

पहले चरण में 31 मार्च 2019 तक पहली किस्त भेजने का लक्ष्य रखा गया है. सरकार ने सम्मान राशि भेजने के वायदे के तहत काम भी शुरू कर दिया है. लेकिन खाते में दो हजार की जगह मात्र 40 रुपये 90 पैसे भेजे गये हैं. प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े किसान पांकी के पगार निवासी दिलीप कुमार सिंह, विजय कुमार सिंह, बालकेश राम, चंदन कुमार सिंह, अंबाबार के सूरज दुबे और बहेरा के अयूब अंसारी ने बताया कि उनके मोबाइल में पिछले तीन-चार दिनों के भीतर 40 रुपये 90 पैसे खाता में जमा होने की जानकारी मिली है. मोबाइल के मैसेज बाक्स में पीएफएमएस/डीबीटी/पीएम किसान पेमेंट 40.90 पैसा दिख रहा है. उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि उनके साथ क्या हुआ है? सरकार की कथनी और करनी में बड़ा फर्क है, इसकी शिकायत की जायेगी.

तकनीकी एयर या हो सकती है बैंक की गलती

जानकार बताते हैं कि इसमें तकनीकी एरर या फिर बैंक की गलती भी हो सकती है. हालांकि इसके पुख्ता प्रमाण नहीं मिले हैं. वजह चाहे जो भी हो, लेकिन लोकसभा चुनाव के ठीक पहले इस तरह की समस्या आने से सरकार की छवि पर असर पड़ेगी. ऐसे घटनाक्रमों से सरकार की कथनी और करनी भी सामने आ गयी है.

शिकायत मिलने पर होगी जांच, त्रुटियों को किया जायेगा दूर : डीइओ 

जिले के कृषि पदाधिकारी मो. जुबैर अली ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े किसानों के खाते में 40 रुपया 90 पैसे पहुंचने की शिकायत अब तक नहीं की गयी है. अगर इस तरह की शिकायत मिलती है तो इसकी जांच कराकर त्रुटियों को दूर करने का प्रयास किया जायेगा. उन्होंने कहा कि बिना जांच किये स्पष्ट तौर पर नहीं कहा जा सकता कि किसान के खाते में जो राशि आयी है, वह प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की ही है.

इसे भी पढ़ें : मोदी सरकार की नीतियां और सोच संविधान के खिलाफः ज्यां द्रेज

किसानों की परेशानी दूर करने के लिए होगी पहल : कृषि मित्र

कृषि और किसानों के बीच अहम कड़ी निभाने वाले कृषक मित्र संघ भी किसानों की इस समस्या से दुखी है. संघ के जिला अध्यक्ष रंजन कुमार दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े किसानों की समस्याओं को दूर करने के लिए जल्द पहल की जायेगी. संबंधित विभाग में किसानों के साथ इसकी शिकायत दर्ज करायी जायेगी. जरूरत पड़ी तो पीएमओ को भी पत्र लिखा जायेगा.

इसे भी पढ़ें : ट्वीटर इंडिया करेगा ‘हेमंत की चौपाल’ कार्यक्रम का आयोजन

कैसे किसानों को मिलता है पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ

अधिकतम दो हेक्टेयर जमीन वाले किसान, जो उस जमीन पर कृषि कार्य करते हैं, उन्हें ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना’ का लाभ दिया जाता है. केंद्र सरकार सालाना छह हजार रुपये की सम्मान राशि देगी. यह सम्मान राशि (छह हजार रुपये) कुल तीन किस्तों में दी जायेगी. यानी, हर किस्त में दो-दो हजार रुपये दिये जायेंगे. यह राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के तहत सीधे उन किसानों के बैंक खाते में डाल दी जायेगी.

इसे भी पढ़ें : पलामू संसदीय क्षेत्र में बनेंगे 220 मॉडल बूथ, 46 सखी मतदान केंद्र बनाये जायेंगे : उपायुक्‍त

Related Articles

Back to top button