
NewDelhi /abu dhabi : भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज शुक्रवार को इस्लामिक सहयोग संगठन (ओआईसी) के सम्मेलन में बतौर गेस्ट ऑफ ऑनर शामिल होने अबूधाबी पहुंच गयी हैं. लेकिन इस सम्मेलन में पाकिस्तान भाग नहीं ले रहा है. पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने कहा है कि वह ओआईसी की बैठक में शामिल नहीं हो पायेंगे, क्योंकि सुषमा स्वराज मौजूद रहेंगी. इस संबंध में भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने जानकारी दी कि भारत की इस्लामी मुल्कों के साथ जुड़ाव को पहचानते हुए विदेश मंत्री सुषमा स्वाज अबूधाबी पहुंची हैं. उन्हें यूएई के विदेश मंत्री एचएच शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान ने ओआईसी के सम्मेलन में बतौर गेस्ट ऑफ ऑनर’के रूप में आमंत्रित किया है. बता दें कि सुषमा स्वराज 57 सदस्यीय निकाय के विदेश मंत्रियों की परिषद के दो दिवसीय 46वें सत्र में अपने विचार रखेंगी.
सूत्रों के अनुसार स्वराज पाकिस्तान की आपत्तियों के बावजूद गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में भाग हिस्सा लेंगी. वे ओआईसी के सदस्य देशों के साथ भारत के लंबे और ऐतिहासिक संबंधों को बतायेंगी. सम्मेलन भारत यूएई के साथ अपने द्विपक्षीय संबंधों को लेकर काफी महत्वपूर्ण मानता है.
पाकिस्तान ने ओआईसी को पत्र लिखकर बहिष्कार करने की धमकी दी थी
इससे पूर्व पाकिस्तान ने ओआईसी के महासचिव यूसेफ बिन अहमद अल-ओथाइमेन को एक पत्र लिखकर सम्मेलन का बहिष्कार करने की धमकी दी थी. पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने लिखा था कि मौजूदा परिस्थितियों में, मेरे लिए ओआईसी की बैठक में शामिल होना संभव नहीं होगा, जहां सुषमा स्वराज मौजूद हैं. स्वराज के अबूधाबी पहुंचने से पहले अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख मोहम्मद बिन जायद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधान मंत्री इमरान खान से बातचीत की थी और दोनों देशों से तनाव को कम करने की अपील की थी. बता दें कि पाकिस्तान के खैबर- पख्तूनख्वा प्रांत के बालाकोट में मंगलवार को भारतीय वायु सेना की एयस्ट्राइक ने जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी कैंपों को तबाह कर दिया था.
इसके बाद बुधवार सुबह पाकिस्तान ने एयरस्ट्राइक करने की कोशिश की. जवाब में भारत ने पाकिस्तान के एफ-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया. इस दौरान भारत का मिग -21 जेट भी दुर्घटना का शिकार हो गया और उसके पायलट विंग कमाडंर अभिनंदन को पाकिस्तान ने युद्धबंदी बना लिया. आज शुक्रवार को विंग कमाडंर अभिनंदन को पाकिस्तान बिना शर्त रिहा कर रहा है.
इसे भी पढ़ें : 1 मार्च को भारतीय विंग कमांडर अभिनंदन को रिहा करेगा पाक




