
Hanoi : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विश्वास जताया कि भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध की स्थिति शीघ्र समाप्त होगी. उन्होंने कहा कि उनके पास कुछ अच्छी खबरें हैं और अमेरिका दोनों परमाणु हथियार संपन्न देशों के बीच तनाव को घटाने में मदद करने का प्रयास कर रहा है. उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन के साथ अपनी दूसरी शिखर बैठक समाप्त होने के बाद अपने शुरुआती बयान में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के पास पाकिस्तान और भारत से ‘‘कुछ समुचित आकर्षक खबरें हैं.’’
भारत और पाकिस्तान के बीच काफी ‘वैमनस्य’
उन्होंने संवाददाताओं से कहा,‘‘हम उन्हें (भारत और पाकिस्तान को) रोकने में मदद करने के प्रयास में शामिल हैं और हमारे पास कुछ अच्छी खबरें हैं.’’पाकिस्तान से संचालित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद द्वारा पुलमावा में सीआरपीएफ के काफिले पर आत्मघाती हमला करने के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि (भारत और पाकिस्तान के बीच) काफी ‘वैमनस्य’ है.
भारत ने बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के सबसे बड़े प्रशिक्षण शिविर पर हवाई हमला किया था. इस अभियान में बड़ी संख्या में जैश के आतंकवादी, प्रशिक्षक, वरिष्ठ कमांडर और प्रशिक्षण हासिल कर रहे जिहादी मारे गए थे. पाकिस्तान ने बुधवार को भारत के एक लड़ाकू विमान को मार गिराया था और एक भारतीय पायलट को गिरफ्तार करने का दावा किया था. पुलवामा में गत 14 फरवरी को हुए जैश के आत्मघाती हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे.
इसे भी पढ़ें : बातचीत की पेशकश पर भारत की पाकिस्तान को दो टूकः पायलट को तुरंत वापस करो, आतंकवाद पर एक्शन लो




