HEALTHRanchi

डॉक्टरों ने कहा- संभव है मिर्गी का इलाज, इसे अभिशाप न समझें

  • मिर्गी जागरूकता रैली का हुआ आयोजन, डॉक्टरों ने बताये उपचार के तरीके

Ranchi : भगवान महावीर मेडिका सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय मिर्गी दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को मिर्गी जागरूकता रैली का आयोजन किया. रैली में मेडिका अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए. मोरहाबादी मैदान से शुरू हुई रैली करमटोली होते हुए पुनः मोरहाबादी मैदान स्थित झंडोत्तोलन स्थल पर समाप्त हुई. रैली के बाद न्यूरो सर्जन डॉ संजय कुमार, डॉ पैट्रिक मिंज एवं न्यूरो रोग विशेषज्ञ डॉ अनीषा थॉमस को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया. इसके बाद विशेषज्ञ डॉक्टरों ने उपस्थित लोगों को मिर्गी के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ प्रश्नोत्तर सत्र में लोगों के सवालों के जवाब दिये.

लाइलाज बीमारी नहीं है मिर्गी : डॉ संजय कुमार

डॉ संजय कुमार ने कहा कि मिर्गी के बारे में थोड़ी सी जानकारी किसी भी मिर्गी पीड़ित व्यक्ति की जान बचा सकती है. मिर्गी लाइलाज बीमारी नहीं है. डॉक्टर द्वारा सुझायी गयी दवा नियमित रूप से खाकर मिर्गी से छुटकारा पाया जा सकता है. मिर्गी का दौरा पड़ने पर लोग आम तौर पर मरीज को जूता, चप्पल, मोजा या प्याज सुंघाते हैं, पर इससे कोई फर्क नहीं पड़ता. दरअसल पांच-सात मिनट के बाद मरीज स्वतः सामान्य हो जाता है. डॉ पैट्रिक मिंज ने कहा कि मिर्गी का दौरा पड़ने पर सबसे पहले मरीज के आस-पास से नुकीली एवं चोट लगनेवाली चीजों को हटा देना चाहिए. दांत जकड़ जाने पर चम्मच या उंगली की सहायता से उसे खोलने का प्रयास नहीं करना चाहिए.

अभिशाप नहीं है मिर्गी : डॉ थॉमस

डॉ अनीषा थॉमस ने कहा कि मिर्गी अन्य बीमारियों की तरह महज एक बीमारी है, जिसका इलाज संभव है. इसे सामाजिक अभिशाप नहीं समझना चाहिए. उन्होंने कहा कि समाज के सभी तबके के लोगों को मिर्गी के मरीजों के प्रति सहानुभूतिपूर्ण रवैया रखना चाहिए. प्रश्नोत्तर सत्र में अस्पताल के महाप्रबंधक अनिल कुमार, फाइनेंस मैनेजर ज्ञानेश झा, एचआर मैनेजर पियुली बनर्जी, अर्चना श्रीवास्तव एवं विपिन चौहान ने मिर्गी से जुड़े बहुत महत्वपूर्ण सवाल पूछे. रैली का सफल संचालन रीना मोहंती ने किया.

इसे भी पढ़ें- स्कूल की शिक्षिका पर बाइक सवार युवकों ने फेंका एसिड, एडमिट

इसे भी पढ़ें- मोबाइल को लेकर पत्नी से हुई कहा-सुनी, शराबी पति ने कर दी हत्या

Related Articles

Back to top button