Dhanbad

धनबादः कल होगा जिप अध्यक्ष के भविष्य का फैसला, बजट सत्र ने रोचक बनाई वोटिंग

Dhanbad: धनबाद जिला परिषद अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग 8 फरवरी यानी कल होनी है. डीसी ए दोड्डे ने वोटिंग के लिए 8 फरवरी की तारीख तय की है. एक ओर जहां इसे सफल और विफल करने के लिए रोबिन समर्थकों एवं विरोधियों की लगातार मैराथन बैठकें चल रही हैं. वहीं दूसरी ओर संसद और विधानसभा का सत्र चलने से मामला काफी दिलचस्प हो गया है.

दोनों सांसद और जिले के पांच विधायक सत्र छोड़कर कल आहूत परिषद के अविश्वास संबंधी कार्यवाही का हिस्सा नहीं बनने की स्थिति में हैं. हालांकि जेल में बंद झरिया विधायक को इसमें भाग लेने की इजाजत न्यायालय से मिल गयी है. उल्लेखनीय है कि जिला परिषद बोर्ड में 29 इलेक्टेड सदस्य हैं, 6 विधायक, 2 सांसद और जिला के 10 प्रमुख इसके पदेन सदस्य हैं. इन्हीं परिस्थितियों में कोरम पूरा करने या वोटिंग का अधिकार प्राप्त होने के कारण इनका महत्व खासा बढ़ जाता है. इधर पूर्वी टुंडी के प्रमुख का देहांत हो गया है.

इसप्रकार सम्प्रति कुल 46 सदस्य इस सदन का हिस्सा हैं. कोरम पूरा करने के लिए तीन चौथाई यानि 35 सदस्यों की उपस्थिति अपरिहार्य है. और फिर अध्यक्ष को अपदस्थ करने के लिए इस उपस्थित का तीन चौथाई मत विरोध में होना जरूरी होगा. राजनीतिक दांवपेंच के अलावे दोनों सदनों का सत्र चलने से कल की वोटिंग चिंता का सबब बन गया है. इस हालात को देखते हुए विधायक अरूप चटर्जी ने चार दिन पूर्व उपायुक्त से तारीख को एक दिन बढ़ाने का आग्रह किया था. आज विरोधी भी उपायुक्त से मिलकर इस दिशा में पहल करने की अपील करेंगे. डीसी द्वारा आग्रह ठुकराए जाने पर वो कोर्ट की शरण में भी जा सकते हैं.

फिलहाल रोबिन के पक्ष में प्रियंका पाल,घनश्याम ग्रोवर,संतोष महतो और सुभाष राय शामिल हैं. दिल मोहम्मद भी दो नाव में हैं. वहीं अधिकतर सदस्य रोबिन को हरहाल में हटाने के पक्ष में हैं. आगे अध्यक्ष कौन बनेगा उसे वो सेकेंड्री मानते हैं. स्थिति यह है कि रोबिन अलग-थलग पड़ते जा रहे हैं. बहरहाल पूरा परिदृश्य बेहद रौचक हो गया है. अब देखना दिलचस्प होगा कि चक्रव्यूह में घिरे रोबिन इसे भेदने में सफल होते हैं या घुटने टेक देते हैं.

इसे भी पढ़ेंः जीतनराम मांझी को बड़ा झटका

Related Articles

Back to top button