Sports

पंड्या, राहुल के बचाव में उतरे श्रीसंत, कहा- बड़ी गलती करनेवाले खेल रहे हैं

New Delhi: महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने के बाद इंडियन टीम से बाहर हुए हार्दिक पंड्या और केएल राहुल के बचाव में पूर्व क्रिकेटर श्रीसंत सामने आये हैं. मैच फिक्सिंग में नाम आने के बाद टीम इंडिया से निष्कासित चल रहे श्रीसंत ने पंड्या और राहुल को टीम बाहर किए जाने पर सवाल उठाया है. श्रीसंत ने कहा कि जो कुछ भी हुआ वाकई गलत है. लेकिन विश्वकप को देखते हुए ये दोनों खिलाड़ी काफी अहम रोल रखते हैं. ऐसे में उन्हें टीम से बाहर रखना सही नहीं है.

‘मैं समझ सकता हूं उनका दर्द’

हाल ही में टीवी शो बिग बॉस में रनरअप रहे इस खिलाड़ी का मानना है कि पंड्या और राहुल दोनों ही बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं और मैच जिताने का दम रखते हैं. ऐसे में अगर वो टीम से बाहर रहेंगे तो ये टीम के लिए अच्छा संकेत नहीं है. साथ ही उन्होंने कहा कि मैं खुद टीम से बाहर रहा हूं इसलिए इस दर्द को समझ सकता हूं. मैं बीसीसीआई से अपील करूंगा कि इन खिलाड़ियों को टीम में मौका दें.

‘बड़ी गलतियां करनेवाले खेल रहे’

भारतीय टीम में तेज गेंदबाज रहे श्रीसंत ने कहा कि टीम में कई ऐसे भी खिलाड़ी रहे हैं. जिन्होंने इससे भी बड़ी-बड़ी गलतियां की है. लेकिन वो कभी टीम से बाहर नहीं किए गए. श्रीसंत ने कहा कि ये सिर्फ क्रिकेट की बात नहीं है, बल्कि हर खेल में ऐसा देखने को मिलता है.

उल्लेखनीय है कि टीवी शो कॉफी विद करन में महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने के बाद पंड्या और राहुल फिलहाल टीम से बाहर हैं. वहीं टीम इंडिया इनदिनों ऑस्ट्रेलिया में वनडे सीरीज खेल रही है. इसके बाद टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के दौरे पर भी जाना है.

इसे भी पढ़ेंः भारत के एशियन कप से बाहर होने के बाद मुख्य कोच कोंस्टेंटाइन का इस्तीफा

Related Articles

Back to top button