
Sharjah: बहरीन के हाथों 0-1 से हार के बाद भारत के एशियन कप से बाहर होने के साथ ही भारतीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच स्टीफन कोंस्टेंटाइन ने पद से इस्तीफा दे दिया. अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कहा कि 56 साल के कोंस्टेंटाइन ने इस्तीफा दे दिया है.
ट्वीट में कहा गया,‘ स्टीफन कोंस्टेंटाइन ने भारतीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच के पद से इस्तीफा दे दिया है. हमें उनकी ओर से कोई आधिकारिक पत्र नहीं मिला है. लेकिन हम उनके फैसले को स्वीकार करते हैं. भारतीय फुटबॉल में उनके योगदान के लिए धन्यवाद. कुशाल दास, महासचिव एआईएफएफ.’
ज्ञात हो कि उनका कॉन्ट्रैक्ट 31 जनवरी को खत्म होना था. कोंस्टेंटाइन ने भारत के एशियन कप से बाहर होने के बाद यह फैसला लिया.
एशियन कप से बाहर हुआ भारत
भारत ग्रुप ए के आखिरी मैच में 90वें मिनट तक गोलरहित बराबरी पर था. और पहली बार नॉकऑउट में जगह बनाने के करीब था, लेकिन बहरीन ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके मैच जीत लिया.
कोंस्टेंटाइन ने 2015 में मुख्य कोच का पद संभाला था. उनके कार्यकाल को दो बार एक साल के लिए बढ़ाया गया. वो 2002 से 2005 तक भी भारत के कोच रहे थे.




