
रांची। झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार के सात साल के कार्यकाल को लेकर भाजपा ने अब राजनीतिक हमला तेज कर दिया है। रविवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी ने राज्य सरकार के खिलाफ आरोपों की विस्तृत चार्जशीट जारी की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने चार्जशीट पुस्तिका का विमोचन करते हुए सरकार पर भ्रष्टाचार, अपराध, बेरोजगारी और चुनावी वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया।
आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड की जनता ने जिस उम्मीद और भरोसे के साथ हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार को चुना था, उन उम्मीदों पर सरकार खरी नहीं उतरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सात वर्षों के शासन में राज्य विकास की जगह अव्यवस्था, भ्रष्टाचार और कुशासन की ओर बढ़ा है। भाजपा की ओर से जारी चार्जशीट में सरकार के दोनों कार्यकालों को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए गए हैं।
अपराध और कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि झारखंड में आम नागरिकों के साथ-साथ पत्रकार और जनप्रतिनिधि भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। हत्या, लूट, गोलीबारी, अपहरण और महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून का डर समाप्त होता जा रहा है।
उन्होंने पुलिस हिरासत में मौत, थानों में कथित आपराधिक घटनाओं और पत्रकारों के खिलाफ पुलिसिया कार्रवाई को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा। आदित्य साहू ने कहा कि जब थाना, जेल और विधायक आवास तक सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
आदिवासी अधिकारों और खनिज संपदा पर उठाए सवाल
भाजपा ने जल, जंगल और जमीन के मुद्दे पर भी राज्य सरकार को घेरा। आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि आदिवासियों के हितों की रक्षा का वादा करने वाली सरकार के कार्यकाल में उनकी जमीन पर कब्जे की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की खनिज संपदा पर माफियाओं का प्रभाव बढ़ रहा है और बालू, कोयला, पत्थर तथा लौह अयस्क के अवैध कारोबार से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंच रहा है।
उन्होंने आदिवासी समाज से जुड़े कई चर्चित मामलों का जिक्र करते हुए सरकार की भूमिका पर सवाल खड़े किए और कहा कि आदिवासियों के अधिकारों और सुरक्षा को लेकर सरकार को जवाब देना चाहिए।
नौकरी और रोजगार के मुद्दे पर युवाओं की नाराजगी का जिक्र
भाजपा ने युवाओं और छात्रों के मुद्दे को भी अपनी चार्जशीट में प्रमुखता से शामिल किया है। आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों, नियुक्तियों में देरी और कथित भ्रष्टाचार के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि रोजगार की उम्मीद लगाए बैठे युवाओं को लगातार निराशा हाथ लग रही है।
उन्होंने छात्रवृत्ति में देरी, प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विवाद और आंदोलनरत छात्रों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी सरकार को घेरा। भाजपा का आरोप है कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के अपने वादे को पूरा करने में विफल रही है।
भ्रष्टाचार से लेकर विकास योजनाओं तक सवाल
आदित्य साहू ने अंचल कार्यालयों से लेकर सरकारी विभागों तक भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि आम लोगों को जमीन की रसीद, म्यूटेशन और दूसरे सरकारी कामों के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने संवेदकों और मजदूरों के भुगतान में देरी, पेंशन और छात्रवृत्ति की समस्याओं तथा विकास योजनाओं की धीमी रफ्तार को भी सरकार की विफलता बताया।
उनका कहना था कि राज्य में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। रोजगार के अवसरों की कमी के कारण लोगों को दूसरे राज्यों की ओर पलायन करना पड़ रहा है।
SIR और MMDR पर भी सियासी हमला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने SIR और MMDR के मुद्दे पर राज्य सरकार के विरोध को राजनीतिक करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन विषयों पर जनता को भ्रमित कर रही है। साथ ही राज्य में सेस और खनिज संसाधनों से जुड़े मामलों को लेकर भी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
चुनावी वादों का हिसाब मांगे मुख्यमंत्री
चार्जशीट जारी करते हुए आदित्य साहू ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से चुनाव के दौरान किए गए वादों का हिसाब मांगा। उन्होंने सवाल किया कि युवाओं को नौकरी और बेरोजगारी भत्ता देने का वादा कहां पूरा हुआ? 450 रुपये में गैस सिलेंडर देने की घोषणा का क्या हुआ? किसानों को 3200 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान का समर्थन मूल्य देने का वादा अब तक क्यों पूरा नहीं हुआ?
इसके अलावा हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज और प्रत्येक जिले में मेडिकल एवं इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने की घोषणा पर भी उन्होंने सरकार से जवाब मांगा।
आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा की यह चार्जशीट जनता के सामने सरकार के सात वर्षों के कामकाज का हिसाब रखने का प्रयास है। उन्होंने दावा किया कि राज्य की जनता सरकार के कामकाज से निराश है और आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी।
भाजपा के कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
चार्जशीट विमोचन कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा, राकेश प्रसाद, रांची विधायक सीपी सिंह, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अमित मंडल और प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहे।
भाजपा की इस चार्जशीट के जरिए झारखंड में सत्तारूढ़ गठबंधन और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।



