

जामताड़ा: अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर जामताड़ा जिले के फतेहपुर प्रखंड में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के विरुद्ध व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। चेतना विकास के बैनर तले आयोजित इस अभियान के दौरान समुदाय की युवतियों और छात्राओं ने कैंडल मार्च निकालकर समाज को जागरूकता, शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का सशक्त संदेश दिया। हाथों में जलती हुई मोमबत्तियां लेकर निकलीं बेटियों ने एक स्वर में बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया और लोगों से इस कुरीति को जड़ से समाप्त करने के लिए आगे आने की अपील की।
अभियान के क्रम में फतेहपुर प्रखंड के फतेहपुर, बनगड़ी और निमडांगाल गांवों में सामाजिक कार्यकर्ता शांति गोपाल महतो के नेतृत्व में विशेष जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में स्थानीय समुदाय की युवतियों, स्कूली छात्राओं और ग्रामीण महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कैंडल मार्च के माध्यम से ग्रामीणों का ध्यान इस बात की ओर आकर्षित किया गया कि कम उम्र में विवाह न केवल बेटियों के बचपन और शिक्षा के अधिकार को छीनता है, बल्कि उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास में भी सबसे बड़ी बाधा बनता है।
कार्यक्रम के दौरान चेतना विकास के सामाजिक कार्यकर्ता शांति गोपाल महतो ने उपस्थित छात्राओं और युवतियों को बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के विभिन्न कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कानून के तहत बाल विवाह एक दंडनीय अपराध है और इसमें शामिल होने वाले तथा इसे बढ़ावा देने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। साथ ही उन्होंने बाल विवाह के गंभीर दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कम उम्र में मां बनने से उत्पन्न होने वाली स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं, कुपोषण, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर के जोखिम और पारिवारिक व सामाजिक समस्याओं के बारे में विस्तार से समझाया।
शांति गोपाल महतो ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह सबसे मजबूत हथियार है, जिसके माध्यम से बेटियां आत्मनिर्भर बन सकती हैं और अपने अधिकारों की रक्षा कर सकती हैं। उन्होंने सभी बालिकाओं को अपनी पढ़ाई निरंतर जारी रखने, किसी भी दबाव में आकर कम उम्र में विवाह के लिए सहमत न होने तथा अपने अधिकारों के प्रति सदैव सजग रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी आह्वान किया कि यदि आसपास कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिले, तो डरने के बजाय निर्भीक होकर आवाज उठाएं और प्रशासन व संबंधित संस्थाओं को इसकी जानकारी दें, ताकि समय रहते ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से बाल विवाह उन्मूलन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों और सामूहिक सहभागिता के महत्व पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी छात्राओं, युवतियों और प्रतिभागियों को बाल विवाह के खिलाफ अपने-अपने गांव और समाज में निरंतर जागरूकता फैलाने तथा ऐसी किसी भी घटना को रोकने में सक्रिय भूमिका निभाने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आंगनबाड़ी सेविका परवीन बीबी, स्थानीय छात्राओं और समुदाय के सदस्यों की महत्वपूर्ण सहभागिता रही। उपस्थित बेटियों ने विश्वास जताया कि शिक्षा, जागरूकता और सामूहिक संकल्प के बल पर फतेहपुर प्रखंड सहित पूरे जामताड़ा जिले को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति से पूरी तरह मुक्त बनाया जा सकेगा।




