

झारखंड में बारिश से धान की फसल को नुकसान, किसानों को मुआवजा देने के लिए सरकार कराएगी सर्वे
रांची: चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ और लगातार हो रही बारिश से झारखंड में धान की फसल को हुए नुकसान को लेकर राज्य सरकार ने राहत की पहल शुरू कर दी है। स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सभी जिलों के उपायुक्तों को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सर्वे कराने और नुकसान झेलने वाले किसानों को नियमानुसार मुआवजा देने का निर्देश दिया है।
मंत्री ने जामताड़ा समेत सभी जिलों में प्रशासनिक टीमों को गांव-गांव जाकर खेतों का निरीक्षण करने को कहा है। सर्वे के दौरान धान की फसल और कृषि भूमि को हुए नुकसान का आकलन कर पात्र किसानों की सूची तैयार की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया है कि सर्वे में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कोई भी योग्य किसान राहत से वंचित नहीं रहना चाहिए।
अस्पतालों को अलर्ट रहने का निर्देश
बारिश और खराब मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को भी अलर्ट मोड में रखा गया है। सभी सिविल सर्जनों को अस्पतालों में आपातकालीन व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया है। सदर अस्पतालों और संबंधित सरकारी अस्पतालों में कम से कम 10 अतिरिक्त बेड, दवाइयां, ऑक्सीजन, एंबुलेंस और जरूरी चिकित्सा उपकरण उपलब्ध रखने को कहा गया है। वज्रपात, सर्पदंश और बारिश से होने वाली बीमारियों से निपटने की भी तैयारी रखने का निर्देश दिया गया है।
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा और आम लोगों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। फसल नुकसान का सही आकलन कराकर प्रभावित किसानों को हरसंभव सहायता दी जाएगी।
कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार को रांची, जमशेदपुर, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, चतरा और कोडरमा में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं गढ़वा, पलामू, लोहरदगा, लातेहार, गुमला और सिमडेगा में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।




