JharkhandLead NewsNEWSRanchiTOP SLIDER

सरना धर्मकोड का अलग विकल्प नहीं मिला तो जनगणना-परिसीमन का बहिष्कार, 4 अक्टूबर को रांची में महारैली

आदिवासी छात्र संघ ने सरना धर्मकोड का अलग विकल्प नहीं मिलने पर जनगणना और परिसीमन के बहिष्कार की चेतावनी दी है। 4 अक्टूबर को रांची में महारैली का ऐलान किया गया है।

रांची : आगामी जनगणना में आदिवासियों के लिए अलग सरना धर्मकोड का विकल्प शामिल करने की मांग को लेकर आदिवासी छात्र संघ ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। संघ ने कहा है कि यदि जनगणना में सरना धर्म के लिए अलग विकल्प नहीं दिया गया तो वह जनगणना और परिसीमन प्रक्रिया के बहिष्कार का आह्वान करेगा।

रांची में आयोजित प्रेस वार्ता में संघ के केंद्रीय संयोजक डॉ. सुशील कुमार मिंज ने कहा कि सरना धर्मकोड और आदिवासी आबादी की पहचान का मुद्दा आपस में जुड़ा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि अलग धर्मकोड नहीं होने के कारण आदिवासियों की धार्मिक पहचान जनगणना में सही तरीके से दर्ज नहीं हो पाती।

1961 की जनगणना को लेकर लगाया आरोप

डॉ. मिंज ने आरोप लगाया कि 1961 में कांग्रेस शासन के दौरान जनगणना फॉर्म से आदिवासी धर्मकोड का कॉलम हटाया गया था। उन्होंने मौजूदा भाजपा सरकार पर भी आदिवासियों की अलग पहचान से जुड़े प्रावधानों को कमजोर करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि संघ की मांग है कि आदिवासी समुदाय के लिए जनगणना में सरना धर्म का अलग विकल्प उपलब्ध कराया जाए। उनके मुताबिक, इससे आदिवासी समुदाय की धार्मिक पहचान और आबादी से जुड़े आंकड़े अलग तरीके से दर्ज हो सकेंगे।

आंदोलन का रोडमैप जारी

आदिवासी छात्र संघ ने आंदोलन के अगले चरण का कार्यक्रम भी घोषित किया है।

13-14 सितंबर: रांची के मोरहाबादी मैदान में ‘ऑल इंडिया ट्राइबल कल्चर’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें देशभर से प्रतिनिधियों के शामिल होने की बात कही गई है।

18 सितंबर: गुमला से विशाल महारैली और विरोध मार्च निकालने का कार्यक्रम है।

4 अक्टूबर: रांची के मोरहाबादी मैदान में विशाल महारैली आयोजित करने का ऐलान किया गया है। संघ ने इसी दिन उग्र आंदोलन, भारत बंद और आर्थिक नाकेबंदी शुरू करने की चेतावनी दी है।

संघ का कहना है कि सरना धर्मकोड की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button