
Rana Pratap Singh
Ranchi. झारखंड हाईकोर्ट ने रांची शहर की बिगड़ती स्थिति पर गंभीर चिंता जताते हुए उसके खोए हुए गौरव को पुनर्जीवित करने के लिए सरकार और संबंधित विभागों को ठोस कदम उठाने का निर्देश दिया है। हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने मामले की सुनवाई के दौरान कहा कि रांची शहर की समस्याओं के समाधान के लिए सभी हितधारकों को एक मंच पर लाना आवश्यक है। कोर्ट ने मामले में उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है।हाईकोर्ट ने निर्देश दिया है कि समिति की पहली बैठक 10 दिसंबर 2025 को शाम 5 बजे महाधिवक्ता राजीव रंजन के कार्यालय में आयोजित की जाए। अदालत ने आशा जताई है कि सभी सदस्य बैठक में व्यक्तिगत रूप से शामिल होंगे, हालांकि किसी सदस्य की असमर्थता की स्थिति में वर्चुअली शामिल होने की अनुमति भी दी गई है। मामले की अगली सुनवाई 12 दिसंबर को होगी।
उच्चस्तरीय समिति का गठन
खंडपीठ ने एक उच्चस्तरीय समिति गठित की है, जिसकी अध्यक्षता राज्य के महाधिवक्ता राजीव रंजन करेंगे। समिति में सदस्य के रूप में राज्य के मुख्य सचिव,प्रबंध निदेशक, झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड, पुलिस महानिदेशक (DGP), प्रधान सचिव, शहरी विकास एवं आवास विभाग, प्रधान सचिव, ऊर्जा विभाग,
चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर, रांची स्मार्ट सिटी कॉर्पोरेशन, नगर आयुक्त, रांची नगर निगम, उपायुक्त, रांची, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP), रांची, पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक) रांची,अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल, झारखंड हाईकोर्ट के एडवोकेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष और सचिव को शामिल किया गया है।
बता दें कि यह जनहित याचिका झारखंड हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन द्वारा दायर की गई है। प्रार्थी ने रांची शहर से जुड़े विभिन्न जनमुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।




