World

ट्रंप राष्ट्रपति कार्यालय की गरिमा बनाए रखने में नाकाम रहे : मिट रॉमनी

Washington : रिपब्लिकन पार्टी की ओर से 2012 में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रहे मिट रॉमनी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले दो साल में यह स्पष्ट हो गया है कि वह (ट्रम्प) राष्ट्रपति कार्यालय की गरिमा को बनाए रखने में नाकाम रहे हैं. रिपब्लिकन पार्टी से यूटा के सीनेटर चुने गए रॉमनी बृहस्पतिवार को अपने पद की शपथ ग्रहण करेंगे.

मंगलवार को ‘वाशिंगटन पोस्ट’ में प्रकाशित एक ऑप-एड (लेख) में रॉमनी ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति के तौर पर ट्रम्प की लोकप्रियता में दिसंबर में बहुत गिरावट आई. पिछले दो वर्षों में उनका आचरण, विशेष रूप से इस महीने (दिसंबर में) के उनके कार्य, इस बात के सबूत हैं कि वह राष्ट्रपति कार्यालय की गरिमा को बनाए रखने में नाकाम रहे हैं.’’

रॉमनी पहले भी कई बार ट्रंप की खुलकर आलोचना कर चुके हैं. उन्होंने तीन मार्च 2016 को कहा था ‘‘इस बात के पर्याप्त प्रमाण हैं कि ट्रंप झूठे हैं. उन्होंने अतीत में बार बार अपना रूख बदला है, यहां तक कि चुनाव अभयान की दिशा को लेकर भी वह स्थिर नहीं रहे.’’ बहरहाल, ट्रंप ने रोमनी सहित 16 प्रतिद्वन्द्वियों को पीछे कर रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के लिए अपनी दावेदारी हासिल कर ली. नवंबर 2016 में हुए राष्ट्रपति पद के चुनाव में सबकी पसंदीदा मानी जाने वाली हिलेरी क्लिंटन को हरा कर ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति बन गए.

Related Articles

Back to top button