
Ranchi: तुपुदाना से खूंटी होते हुए कुंदलीबाड़ी तक प्रस्तावित फोर लेन सड़क परियोजना भूमि अधिग्रहण में बाधाओं के कारण ठप पड़ी है। लगभग ₹1907 करोड़ की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी योजना का काम जमीन न मिलने के कारण आगे नहीं बढ़ पा रहा है। प्रभावित रैयतों को दिया जाने वाला करीब ₹504 करोड़ का मुआवज़ा अब तक पूरी तरह वितरित नहीं हो सका, जिससे अधिग्रहण प्रक्रिया अटक गई है।
सूत्रों के अनुसार, यह परियोजना एनएचएआई द्वारा विकसित की जानी है और इसे मार्च 2024 में मंजूरी मिली थी। इसके तहत तुपुदाना से खूंटी होते हुए कुंदलीबाड़ी तक सड़क को फोर लेन में विस्तारित किया जाना है। लेकिन भूमि के अभाव में कई हिस्सों में निर्माण प्रारंभ तक नहीं हो सका, जिससे परियोजना की समयसीमा लगातार आगे खिसक रही है।
जिला प्रशासन के मुताबिक, रांची के 7 गांव और खूंटी जिले के 17 गांव इस परियोजना से प्रभावित हैं। कुल लगभग 140 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण होना है, परंतु मुआवज़ा न मिलने और आपत्ति मामलों के निपटारा लंबित रहने से प्रक्रिया बाधित है।
स्थिति यह है कि निर्माण में देरी को देखते हुए एनएचएआई को अब फिर से निविदा (टेंडर) जारी करने की तैयारी करनी पड़ रही है। अधिकारियों का कहना है कि मुआवज़ा वितरण पूरा होते ही जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया तेज की जाएगी, ताकि फोर लेन परियोजना पर आगे का काम शुरू किया जा सके।




