
NewDelhi : 2018 का साल अब बस चंद घंटे का मेहमान है और आते साल की आहट हर गुजरते घंटे के साथ बढ़ती जा रही है. इतिहास में 30 दिसंबर का दिन कई घटनाओं के साथ दर्ज है. इनमें एक मजेदार घटना भी शामिल है. दरअसल 30 दिसंबर 1986 को ब्रिटिश सरकार ने अपने देश की कोयला खदानों में जहरीली गैसें पहचानने के लिए तैनात की गयी कनारी चिड़िया को इस काम से हटाने का ऐलान किया और इनकी जगह बिजली से चलने वाले डिटेक्टर लगाये गये. कोयला खदानों में किसी तरह की दुर्घटना होने पर उनमें बिना रंग और महक की जहरीली गैसें भर जाती हैं, जो इंसानों के लिए खतरनाक होती हैं. ब्रिटेन में इन गैसों का पता लगाने के लिए पीले पंखों वाली कनारी चिड़िया को कोयला खदानों में तैनात किया जाता था और उनके हावभाव से खदान में गैस की मौजूदगी के खतरे का अंदाजा लगाया जाता था. दुनिया के इतिहास में 30 दिसंबर की तारीख में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार नीचे दिया जा रहा है.
राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन को मौत की सजा दी गयी
30 दिसंबर 1803 को भारत में दूसरे मराठा युद्ध के पहले चरण में मराठा प्रमुख दौलत राव सिंधिया और ब्रिटिश सरकार के बीच सुरजी अर्जुनगांव संधि पर हस्ताक्षर किये गये. 30 दिसंबर 1865 में ब्रिटिश लेखक रूडयार्ड किपलिंग का भारत के बॉंबे, (मुंबई) शहर में जन्म हुआ. उन्हें भारत में ब्रिटिश सेनाओं के बारे में लिखी उनकी कहानियों और कविताओं के लिए याद किया जाता है. लघु कथा लेखक, कवि और उपन्यासकार किपलिंग को 1907 में साहित्य के नोबेल से सम्मानित किया गया. ढाका में 30 दिसंबर 1906 को मुस्लिम नेताओं की तीन दिन की बैठक के बाद ऑल इंडिया मुस्लिम लीग पार्टी के गठन की घोषणा की गयी. सर ख़्वाजा सलीमुल्लाह, अमीर अली और सर मियां मुहम्मद शफ़ी को पार्टी के संस्थापकों का दर्जा दिया जाता है. 1922 में आज ही के दिन सोवियत समाजवादी गणराज्यों के संघ के रूप में सोवियत संघ का गठन किया गया. इसकी राजधानी मास्को थी और 15 गणराज्यों को मिलाकर बनाया गया.
यह दुनिया का सबसे बड़ा देश था, जिसका 1991 में विघटन हुआ. 30 दिसंबर 1975 को गोल्फ के महानतम खिलाड़ियों में शुमार टाइगर वुड्स का अमेरिका के कैलिफोर्निया में जन्म हुआ. उन्होंने पेशेवर और गैर पेशेवर दोनों ही तरह की प्रतियोगिताओं में खुद को इस खेल का निर्विवाद महानायक साबित किया. 30 दिसंबर 1986 को ब्रिटिश सरकार ने अपने यहां कोयला खदानों में जहरीली गैसों की मौजूदगी पहचानने के लिए तैनात 200 से अधिक कनारी चिड़िया को इस काम से हटाने का ऐलान किया.




