
Ranchi: राजधानी रांची में शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था कराने से संबंधित कोर्ट के स्वत: संज्ञान की सुनवाई झारखंड हाई कोर्ट में हुई. सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने रांची नगर निगम से मौखिक कहा कि राजधानी रांची में अब जो भी शौचालय बनाया जाए उसका साइज पहले की तुलना में थोड़ा बड़ा होना जरूरी है. साथ ही उसमें रोशनदान की भी पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। रांची में निर्माण किए गए सभी शौचालय का उपयोग करने संबंध में लोगों को भी जागरूक करना जरूरी है. इससे पूर्व रांची नगर निगम की ओर से कोर्ट को बताया गया कि रांची शहर में 243 शौचालय बने हैं, जिसकी सफाई प्रतिदिन तीन बार होती है. अगर शौचालय से संबंधित कोई शिकायत है तो उसके लिए भी कंप्लेन नंबर दिए गए हैं. रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड में पुरुष एवं महिला दोनों के लिए शौचालय बनाए जा रहे हैं, जो जल्द बनाकर तैयार हो जाएंगे. इसके अलावा नागा बाबा खटाल के निकट सहित अन्य कई जगहों पर भी नए शौचालय बनाए जा रहे हैं. कोर्ट ने रांची नगर निगम को रांची में निर्माणाधीन शौचालय की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत करने का निर्देश देते हुए मामले की अगली सुनवाई 4 दिसंबर निर्धारित की. बता दे की रांची के एक स्थानीय समाचार पत्र में खादगढ़ा बस स्टैंड में शौचालय नहीं होने से महिलाओं को हो रही परेशानी के संबंध में एक खबर छपी थी. जिस पर कोर्ट ने इसे गंभीरता से लेते हुए स्वत: संज्ञान लिया है.




