
Ranchi: रविवार को दिल्ली के अपोलो अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के तबीयत की जानकारी ली. डॉक्टरों की टीम से विस्तृत जानकारी ली. रामदास के पुत्र, परिजनों से भी भेंट की. उन्हें ढांढस बंधाया. इस दौरान पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी भी मौके पर मौजूद थे. इरफान के मुताबिक, शनिवार को घोड़ाबांधा (जमशेदपुर) स्थित आवास पर श्री सोरेन बाथरूम में अचानक गिर गये. इससे श्री सोरेन के सिर में गंभीर चोट लगी. ब्रेन में ब्लड क्लॉट हो गया और उन्हे ब्रेन स्ट्रोक आया. इसके बाद रांची से उन्हें एयर एंबुलेंस से उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वे वर्तमान में लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर हैं. हालत गंभीर किंतु स्थिर बताई जा रही है. विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है. अपोलो अस्पताल में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा के तहत उनका इलाज चल रहा है.डॉक्टरों ने सकारात्मक संकेत दिए हैं. इससे पूर्व शनिवार को दिल्ली में मौजूद सीएम हेमंत सोरेन ने भी अस्पताल पहुंचकर रामदास सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी.




