
Ranchi: संयुक्त ग्राम सभा मंच (बरवाडीह, लातेहार) ने वन अधिकार कानून (2006) के अधिकार के अंतर्गत लंबित सामुदायिक एवं व्यक्तिगत दावों को लेकर लातेहार जिला अंतर्गत कल्याण विभाग के परिसर में जन सुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया. घोषणा की गयी कि 9 अगस्त को सामुदायिक व व्यक्तिगत वन भूमि पट्टा नहीं मिलने पर जन आन्दोलन होगा.
इस कार्यक्रम में लातेहार और गढ़वा जिले के विभिन्न प्रखंड- गारू, मनिका, बरवाडीह, चिनिया से हजारों आदिवासी व ग्रामीण शामिल हुए. जन सुनवाई कार्यक्रम का आयोजन संयुक्त ग्राम सभा मंच और ग्राम स्वशासन अभियान के संयुक्त तत्वावधान में किया. इस दौरान मंच की ओर से जेम्स हेरेंज ने रिपोर्ट प्रस्तुत करते कहा कि बरवाडीह प्रखंड सहित लातेहार के सभी प्रखंडों में कई व्यक्तिगत, सामुदायिक और वन संसाधन अधिकार के पट्टे लंबित पड़े हैं. यहाँ तक कि जो दावे अनुमंडल स्तरीय समिति में जमा हुए हैं, उसमे भारी कटौती हुई है. बरवाडीह प्रखंड के 22 गाँव से कुल 16050.5 एकड़ भूमि सामुदायिक अधिकार के लिए दावे किये गए लेकिन इसमें से केवल 2.7 एकड़ भूमि ही स्वीकृत हुए. सामुदायिक वन अधिकार के दावित भूमि 99.99% की भारी कटौती की गयी है, 0.1% से भी कम भूमि ग्राम सभाओं को स्वीकृत हुए हैं. उन्होंने कहा कि लातेहार जिला में अनुमंडल और जिला स्तरीय वनाधिकार समिति में करीब 98 सामुदायिक और 1700 व्यक्तिगत वनाधिकार दावा पत्र लंबित है. व्यक्तिगत वन अधिकार भी कटौती से दूर नहीं है. गुआ और ततहा गाँव से क्रमश: 92.6 एकड़ और 85.9 एकड़ भूमि के लिए 31 व्यक्तिगत दावेदारों ने आवेदन किया, लेकिन गुआ और ततहा के व्यक्तिगत दावों में क्रमश: 79.9% और 39.9% की कटौती की गयी है. बरवाडीह प्रखंड के 11 गाँव से 295 दावेदारों के 580 एकड़ दावित भूमि के आवेदन अब लंबित भी हैं. ये आवेदन 2017 से 2023 तक किये गए हैं.
वन विभाग द्वारा आवेदनों में देरी और दावों की कटौती तो की ही जा रही लेकिन अनुमंडल स्तरीय समिति द्वारा व्यक्तिगत दावों के अनुशंसा के बाद भी हकधारी पट्टा से वंचित है. लातेहार जिले में 135 व्यक्तिगत दावों की अनुशंसा अनुमंडल स्तरीय समिति द्वारा जून 2019 में की गयी थी लेकिन दावेदारों को पट्टा नहीं मिल पाया.
जिला परिषद सदस्य, बरवाडीह पूर्वी के कन्हाई सिंह ने कहा कि एक तरफ जहाँ वन विभाग के अधिकारी कानून के क्रियान्वन में कोताही कर रहे हैं व जंगल बचाने के नाम पर खाना-पूर्ति कर रहे, वहीं दूसरी ओर संयुक्त ग्राम सभा बरवाडीह के 16 गाँव के जंगलों में सीड बॉल के माध्यम से 20 हजार से ज्यादा पौधारोपण किया. इसमें मुख्य पौधे डोरी, साल, बेर, कटहल सहित 13 तरीके के पौधों का रोपण किया गया है. इससे लोगों की आजीविका सुरक्षित होगी. जंगल में पेड़ों की वृद्धि होगी. साथ ही जंगलों में आग बुझाने के लिए कई कोशिश की गयी है. कार्यक्रम में कई ग्रामीणों ने वन अधिकार कानून की जमीनी हकीकत, विभिन्न समस्याएँ और वन विभाग के दुर्व्यवहार और प्रताड़ना की स्थिति बताई. ग्रामीणों ने कहा की वन विभाग के अधिकारी ग्रामीणों को डराते हैं. जो अपने पशुओं को लेकर जंगल में जाते हैं या लकड़ी काटते हैं, उनपर पर फर्जी तरीके से मुकदमा दर्ज करते हैं. यहाँ तक कि टांगी, कोड़ी, कुदाल आदि वन विभाग के लोग छीन लेते हैं.
सुप्रीम कोर्ट आयुक्त के पूर्व राज्य सलाहकार बलराम ने कहा कि वन अधिकार कानून का खुला उल्लंघन हो रहा और दावित भूमि में बारी कटौती हो रही. दावों की स्वीकृति के लिए एक तय समय-सीमा सुनिश्चित हो और वन विभाग की जबावदेही तय हो. वन विभाग हमेशा से जंगल और समुदाय का दुश्मन रहा है, जल-जंगल-जमीन ग्राम सभा के अधीन है. आदिवासी और मूलवासियों ने जंगल को बचाया है, इसलिए लातेहार में अबतक सबसे अधिक वन भूमि है ना कि वन विभाग. पूंजीपतियों को खदान खोलने के लिए आसानी से जमीन मिल जाती है, लेकिन यहाँ आदिवासी और मूलवासियों को सालों तक व्यक्तिगत और सामुदायिक का अधिकार नहीं दिया जा रहा.
जन सुनवाई में अनुमंडल पदाधिकारी अजय रजक भी शामिल हुए. कहा कि अनुमंडल कार्यालय दावों की अनुशंसा कर जिला को भेज देता है. अब तक जिले में 200 से 250 व्यक्तिगत और सामुदायिक अधिकार के आवेदन आये हैं. नियम के अनुसार सभी को पट्टा मिलेगा. दावित भूमि में भारी कटौती के सवाल पर उन्होंने जवाब दिया कि ये दावे उनके कार्यकाल के पहले हुए हैं, इस मामले की वे जाँच करेंगे. इसके साथ ही साथ करीब 100 से अधिक समुदायों का दावा है. अनुमादल स्तरीय समिति करवाई कर जिला स्तरीय वनाधिकार समिति को भेजेगी, ताकि आदिवासी दिवस (9 अगस्त) के दिन सामुदायिक और व्यक्तिगत पट्टे का वितरण किया जा सके.



