
Balia: भारतीय जनता पार्टी लगातार सहयोगियों के निशाने पर है. अपना दल के बाद एकबार फिर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने केन्द्र और प्रदेश में सत्तारूढ़ पार्टी पर निशाना साधते हुए भगवान को बांटने का आरोप लगाया है.
राजभर ने रसडा स्थित अपने आवास पर संवाददाताओं से कहा, ‘भाजपा को जब इंसान को अगड़े-पिछड़े, हिन्दू-मुसलमान में बांटकर राजनीति में सफलता नहीं मिली तो उसने अब भगवान को बांटने की कवायद शुरू कर दी है.’ उन्होंने सवाल किया कि भाजपा बताये कि भगवान शंकर, विष्णु और राम किस जाति के हैं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हनुमान को दलित बताते हैं. भाजपा धरती पर अवतार लेने वाले 26 अन्य देवी-देवताओं की भी जाति बता दें. भगवान शंकर, विष्णु व राम किस जाति के हैं.
राजभर ने आरोप लगाया कि भाजपा हनुमान की जाति के मुद्दे पर विवाद खड़ा कर जनता का ध्यान बुनियादी समस्याओं से हटाने का प्रयत्न कर रही है. उन्होंने भाजपा पर सुभासपा को कमजोर करने की साजिश करने का आरोप भी लगाया. भाजपा से रिश्तों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने दोहराया कि अगर भाजपा चाहेगी तो हम उसके साथ रहेंगे अन्यथा हम 80 सीटों पर उत्तर प्रदेश में और 16 सीटों पर बिहार में चुनाव लड़ेंगे. हम अपनी तैयारी में लगे हैं.
जानें चार सालों में रघुवर सरकार ने विज्ञापन पर कितना किया खर्च




