
Bermo: बेरमो अनुमंडल के नावाडीह प्रखंड के उपरघाट स्थित पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र में एक शख्स का शव धान के खेत से मिला. धान के खेत में मिले शव की पहचान पिलपिलो निवासी तारा महतो (40 वर्ष) के तौर पर हुई है. मृतक का चेहरा पत्थरों से मारकर बुरी तरह कुचला हुआ है और देखकर ऐसा लगता है मानो उसे मारने के पहले काफी घसीटा भी गया था. क्योंकि काफी दूर तक खून के दाग-धब्बे बिखरे हैं. शव के समीप ही मृतक की हीरो होंडा पैसन प्रो बाइक भी मिली है.
मृतक तारा महतो ईंटों के साथ-साथ कोयला एवं ठेकेदारी का काम करता था. घटना के संबंध में बताया जाता है कि मृतक बुधवार की रात्रि लगभग नौ बजे धनबाद से पिलपिलो वापस लौटा था. घर आकर खाना खाने के बाद वह रात साढ़े नौ बजे घर से ईंट एवं कोयला की बही लेकर अपने घर से एक किलोमीटर की दूरी पर साईट जाने की बात कहकर निकल गया. गुरुवार की सुबह लोगों ने शव खेत में देखा तो घरवालों को खबर की.
सूचना पाकर पेंक नारायणपुर थानेदार संदीप सुरक्षा बलों के साथ घटनास्थल पहुंच मामले की छानबीन की. डुमरी के विधायक जगरनाथ महतो भी घटनास्थल पहुंचे और घटना की निंदा करते हुए थानेदार को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मामले के उद्भेदन यथाशीघ्र करने की बात कही. पुलिस हत्या के कारणों में कोयला के कारोबार, जमीन का विवाद तथा आर्थिक लेनदेन सभी पहलूओं पर जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ेंः32 की बजाए 27 हो सिविल सर्विसेज में जनरल के लिए अधिकतम उम्र सीमा: नीति आयोग




