
Ranchi: डीएवी पब्लिक स्कूल हेहल, राँची में ‘दिवाली क्राफ्ट प्रदर्शनी सह-चैरिटी मेला’ का आयोजन किया गया. इस मेले का उद्घाटन प्राचार्य सह सहायक क्षेत्रीय अधिकारी, डीएवी पब्लिक स्कूल्स झारखंड ज़ोन-जेएस.के. मिश्रा ने फीता काट कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर बच्चों ने दीपावली गान गाकर एवं भारत की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाली कथा का मंचन करके सबका मन मोह लिया. बच्चों ने छठ पूजा के अवसर पर गाये जाने वाले लोकगीत व गीता के पांचवें अध्याय के श्लोकों का भी पाठ किया. आर्ट एंड क्रॉफ्ट प्रदर्शनी में बच्चों ने आकर्षक दीये, पेपर लैंप, तोरण एवं रंग-बिरंगी मोमबत्तियाँ सजाकर खूब विक्री की.
प्राचार्य मिश्रा ने कहा कि इस आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी से जो धनराशि एकत्र होगी,उससे आर्थिक रूप से कमज़ोर छात्रों के लिए गर्म कपड़े,जूते-मोजे खरीदे जाएँगे,जिनका वितरण बच्चों के हाथों से ही कराया जाएगा. उन्होंने बच्चों से पर्यावरण व संस्कृति का संरक्षण करने और प्रदूषण रहित ग्रीन दीपावली मनाने का आग्रह करते हुए आतिशबाजी न करने की सलाह दी. इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अजंता कुमारी,अनुपमा रानी, मुक्ति सरकार, राजलक्ष्मी, सुमन श्री के साथ-साथ प्राथमिक कक्षा के अन्य शिक्षक एवं शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

एसआर डीएवी पुंदाग में बच्चों के बनाए 800 कला कृतियों की प्रदर्शनी
एसआर डीएवी. पब्लिक स्कूल, पुंदाग में वृहद शिल्प और कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया. प्रदर्शनी में विद्यार्थियों के द्वारा बनाए गए लगभग आठ सौ कला कृतियां प्रदर्शित की गईं,जिनमें मंडला पेंटिंग, सोहराई पेंटिंग , मधुबनी पेंटिंग के अतिरिक्त अनेक सुंदर तैल चित्र,पोर्ट्रेट,दीपक एवं घट पेंटिंग,अनेक सुंदर पेंसिल स्केच , बोतल पेंटिंग,क्ले मॉडल और उम्दा किस्म की हस्त – शिल्पवाले साज – सज्जा की वस्तुएं प्रदर्शित की गईं. प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण मोनालिसा का चित्र रहा,जिसकी विशेष रूप से प्रशंसा की गई.इस प्रदर्शनी के उद्घाटन सत्र में डीएवी,झारखंड जोन – बी के क्षेत्रीय पदाधिकारी सह डीएवी. कपिलदेव के प्राचार्य एमके. सिन्हा, जोन – जे के क्षेत्रीय पदाधिकारी सह डीएवी. हेहल के प्राचार्य संजय कुमार मिश्र, डीएवी. नीरजा सहाय की प्राचार्या किरण यादव, डीएवी. बरियातू के प्राचार्य तापस घोष, डीएवी. आनंद स्वामी की प्राचार्या रोशी बाधवानी, डीएवी. गांधी नगर के प्राचार्य प्रदीप कुमार झा तथा कलाकृति, आर्ट्स संस्था के निदेशक धनंजय कुमार आदि उपस्थित थे.
प्राचार्य एस.के.मिश्र ने प्रदर्शनी के सफल आयोजन के लिए विद्यालय के सभी विद्यार्थियों , शिक्षकों तथा पूरे डी. ए. वी. पुंदाग परिवार का धन्यवादज्ञापन किया. उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत भी कौशल – विकास को विशेष महत्त्व दिया गया है. अन्य लोगों ने प्रदर्शनी का आनंद लिया.





